Anna Hazare: महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस के एक फैसले से खुश हो गए अन्ना हजारे, अस्पताल में मुख्यमंत्री ने मुलाकात कर दी जानकारी

Anna Hazare: महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस के एक फैसले से खुश हो गए अन्ना हजारे, अस्पताल में मुख्यमंत्री ने मुलाकात कर दी जानकारी

Devendra Fadnavis Meets Anna Hazare: समाजसेवी अन्ना हजारे की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सोमवार, 31 अगस्त की रात मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। मंगलवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अस्पताल पहुंचकर अन्ना हजारे से मुलाकात की और उनका हाल जाना। सीएम फडणवीस ने अन्ना हजारे के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनसे कहा कि अन्ना, आप शतायु हों।’ इस दौरान महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन भी मौजूद रहे।

कुकडी सिंचाई परियोजना पर फैसले से खुश हुए अन्ना

अस्पताल में मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अन्ना हजारे को कैबिनेट के एक अहम फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को हुई महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक में कुकडी सिंचाई परियोजना की संशोधित लागत को मंजूरी दे दी गई है। मुख्यमंत्री से यह जानकारी मिलने के बाद अन्ना हजारे ने खुशी और संतोष व्यक्त किया। कुकडी सिंचाई परियोजना लंबे समय से क्षेत्र से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा रही है।

करीब एक महीने से वायरल फीवर से परेशान थे अन्ना

अन्ना हजारे का इलाज कर रहे कंसल्टेंट फिजिशियन और इंफेक्शियस डिजीज स्पेशलिस्ट डॉ. गौतम भंसाली ने उनकी तबीयत को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अन्ना हजारे को करीब एक महीने से वायरल फीवर था। इसके साथ ही उन्हें बार-बार लूज मोशन की समस्या भी हो रही थी। इस वजह से पिछले करीब एक महीने में उन्हें शिरूर के अस्पताल में कई बार भर्ती होना पड़ा और फिर छुट्टी मिली। डॉक्टर के मुताबिक, जब संक्रमण थोड़ा ज्यादा बढ़ गया और इसके किडनी पर असर पड़ने के संकेत मिले, तब उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल लाने का फैसला किया गया।

अस्पताल में भर्ती होने के समय हालत स्थिर थी

डॉ. भंसाली ने बताया कि सोमवार रात अस्पताल में भर्ती किए जाने के समय अन्ना हजारे की हालत स्थिर थी। हालांकि, उन्हें कमजोरी और थकान महसूस हो रही थी।अस्पताल में जांच और इलाज के बाद अब उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। सांस लेने में जो परेशानी पहले हो रही थी, उसमें भी कमी आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *