कानपुर में एक पेट्रोल पंप पर पानी जैसी चीज मिलाने का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि पेट्रोल पंप कर्मी एक बोतल में पाइप से पेट्रोल डालता है लेकिन उसमें पेट्रोल की जगह पानी जैसी चीज दिखाई दे रही है। हालांकि पेट्रोल में पानी अथवा एथेनॉल की मिलावट होने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं शिकायत के बाद कुछ ग्राहकों के रुपए भी लौटाए गए हैं। फिलहाल पेट्रोल पंप मैनेजमेंट ने संबंधित टंकी पर रोक लगा दी है। पूरा मामला कल्याणपुर के कड़ीखेड़ा स्थित शिवाय फिलिंग स्टेशन का है। पेट्रोल पंप के मैनेजर अनुभव अवस्थी ने बताया- आम लोगों की ओर से पेट्रोल में गड़बड़ी की शिकायत की गई थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पेट्रोल में पानी मिला है अथवा एथेनॉल या कोई अन्य पदार्थ है। उन्होंने बताया कि गुणवत्ता की जांच के लिए भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल), भौती, कानपुर की मेंटेनेंस टीम को बुलाया गया है। 22 ग्राहकों को लौटाए पेट्रोल के रुपए पंप प्रबंधन के मुताबिक, मंगलवार को करीब 22 ऐसे ग्राहकों को पेट्रोल की रकम वापस की गई, जिन्होंने संबंधित पंप से पेट्रोल भरवाया था। शिकायत सामने आने के बाद ग्राहकों की समस्या को देखते हुए यह कदम उठाया गया। इससे पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर ग्राहकों में बनी चिंता को भी कुछ हद तक दूर करने का प्रयास किया गया। जांच पूरी होने तक टंकी रहेगी बंद मैनेजर ने बताया कि जिस टंकी के पेट्रोल को लेकर शिकायत सामने आई है, उसे फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। जब तक पेट्रोल की गुणवत्ता में गड़बड़ी का कारण सामने नहीं आ जाता, तब तक इस टंकी से पेट्रोल की बिक्री नहीं की जाएगी। बीपीसीएल की टीम की जांच और रिपोर्ट के आधार पर ही टंकी को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल पेट्रोल में पानी, एथेनॉल या किसी अन्य पदार्थ की मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में वायरल वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि पेट्रोल की गुणवत्ता में वास्तविक समस्या क्या थी और उसका कारण क्या रहा। थाना प्रभारी बोले- जांच के आधार पर की जाएगी कार्रवाई कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया की पुलिस के पास अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली जिलाआपूर्ति अधिकारी की जाँच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी अभी पेट्रोल पंप को बंद करवा दिया गया है आगे की कार्रवाई की जायेगी।

