गोहाना में एक पेड़-मां के नाम अभियान:ग्रामीणों को पौधे लगाने, देखभाल के लिए प्रेरित किया, एसडीएम बोले- ये जीवन का आधार

गोहाना में एक पेड़-मां के नाम अभियान:ग्रामीणों को पौधे लगाने, देखभाल के लिए प्रेरित किया, एसडीएम बोले- ये जीवन का आधार

सोनीपत जिले के गोहाना में एक पेड़- मां के नाम अभियान चलाया गया। इसके तहत गोहाना के एसडीएम अंकित कुमार ने गांव मोई हुड्डा के शमशान घाट और कई दूसरी जगहों पर पौधारोपण किया। उन्होंने ग्रामीणों को ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया। एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। ये हमें सांस लेने के लिए ऑक्सीजन देते हैं और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं। पेड़-पौधे गर्मी कम करने, मिट्टी का कटाव रोकने, बारिश के चक्र को संतुलित रखने और जैव विविधता को बचाने में भी जरूरी है। पेड़ों की कटाई का पड़ रहा पर्यावरण पर असर : एसडीएम एसडीएम ने बताया कि जैसे पेड़-पौधे हमारे जीवन को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने में जरूरी हैं, वैसे ही पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण पर बुरा असर पड़ता है। पेड़ों की कमी से तापमान बढ़ता है, वायु प्रदूषण, पानी का संकट और मिट्टी का कटाव जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए पर्यावरण बचाने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझकर पौधे लगाने चाहिए। एसडीएम ने यह भी कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान सिर्फ पौधा लगाने तक ही नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधे को पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर पौधे लगाएं और उन्हें बचाने का संकल्प लें। इस मौके पर गांव मोई हुड्डा के सरपंच पवन कुमार और पूरी ग्राम पंचायत मौजूद थी। इनके अलावा वन रेंजर अधिकारी जयकिशन, वन खंड अधिकारी हर्ष, विकास शर्मा और दीपक नागर समेत दूसरे संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *