राजस्थान में एसीबी की कार्रवाई, प्रतापगढ़ सीएमएचओ पर केस दर्ज और हेड कांस्टेबल गिरफ्तार

राजस्थान में एसीबी की कार्रवाई, प्रतापगढ़ सीएमएचओ पर केस दर्ज और हेड कांस्टेबल गिरफ्तार

जयपुर, एक सितंबर राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत के दो अलग-अलग मामलों में प्रतापगढ़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) और एक संविदाकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि एक हेड कांस्टेबल और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पहले मामले में एसीबी ने प्रतापगढ़ के सीएमएचओ जीवराज मीणा और सीएमएचओ कार्यालय में संविदाकर्मी महेश पाटीदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

एक शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दोनों ने एक निजी अस्पताल के संचालक से 2.75 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। एसीबी के अनुसार, यह कथित रिश्वत सोनोग्राफी सेवाओं, ‘एमएए आयुष्मान’ योजना के तहत समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर करने और दोनों अस्पतालों के लिए मासिक भुगतान से संबंधित काम के एवज में मांगी गई थी। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और विस्तृत जांच की जा रही है।

वहीं, दूसरे मामले में एसीबी ने जयपुर ग्रामीण के अमरसर में अंग्रेजी एवं देशी शराब की दुकान के सेल्समैन राकेश कुमार मीणा और अमरसर थाने के हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य को 40,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आर्य ने उसके खिलाफ दर्ज पुलिस शिकायत को निपटाने और उसके पक्ष में रिपोर्ट पेश करने के लिए 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। कथित रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया गया, जिसके बाद आर्य 40,000 रुपये लेने पर सहमत हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को की गई कार्रवाई के दौरान राकेश कुमार मीणा ने कथित तौर पर हेड कांस्टेबल की ओर से शिकायतकर्ता से 40,000 रुपये लिए और उसे रंगे हाथ पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के बाद आर्य को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी ने बताया कि इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए जाएंगे और विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *