बदायूं में दो युवकों की मौत:20 और 21 साल उम्र, तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मारी

बदायूं में दो युवकों की मौत:20 और 21 साल उम्र, तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मारी

बदायूं में सोमवार रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। यह घटना कादरचौक थाना क्षेत्र के असरासी पुलिया के पास देर रात करीब 11 बजे हुई। कादरचौक कस्बे के वीरेश उर्फ विपिन (20) और सौरभ उर्फ चिता (21) अपनी बाइक से भदरुईया गांव के पास एक ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे। असरासी पुलिया के पास पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवकों की मौत की सूचना उनके परिजनों को दी, जिसके बाद परिवारों में मातम छा गया। परिजन तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजन अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। थाना अध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों बाइक सवार युवकों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और फरार वाहन की तलाश जारी है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *