झालावाड़ शहर के दुर्गपुरा स्थित रेन बसेरा तालाब में नाव पलटने से डूबे दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मंगलवार सुबह दूसरे लापता युवक कल्लू उर्फ विपिन सेन (27) का शव भी एसडीआरएफ की टीम ने तालाब से बाहर निकाला। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। यह घटना रविवार रात की है, जब झालावाड़ शहर के करीब 6 दोस्त रेन बसेरा तालाब में नाव से घूम रहे थे। इसी दौरान नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव में सवार 6 युवकों में से 4 तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए थे, लेकिन कान्हा सेन (30) और विपिन उर्फ कल्लू सेन (27) डूब गए। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बावजूद उनका पता नहीं चल सका था। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए
सोमवार को एसडीआरएफ की टीम ने गहन तलाशी अभियान के बाद कान्हा सेन का शव तालाब से बरामद किया था। इसके बाद दूसरे लापता युवक विपिन सेन की तलाश जारी रखी गई।
मंगलवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने 2 प्रयासों के बाद विपिन सेन का शव भी तालाब से ढूंढ निकाला। अस्पताल चौकी के हेड कॉन्स्टेबल आशुतोष ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को बरामद दोनों युवकों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। दूसरे युवक का पता नहीं चलने पर सोमवार शाम उसके परिजन और समाज के लोग मिनी सचिवालय पहुंचे थे। उन्होंने जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ से मुलाकात कर रेस्क्यू अभियान में और अधिक संसाधन लगाने की मांग की थी। परिजनों ने जल्द से जल्द युवक का पता लगाने की मांग करते हुए अपनी नाराजगी भी व्यक्त की थी। इस पर कलेक्टर ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वे खुद रेस्क्यू अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
जानकारी के अनुसार, कान्हा सेन और विपिन सेन दोनों दोस्त हेयर सैलून के कार्य से जुड़े हुए थे।

