स्कूल जा रही छात्रा को मिनी डंपर ने कुचला, मौत:वाराणसी के बिशनपुरा गांव के पास हादसा, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम; चालक गिरफ्तार

स्कूल जा रही छात्रा को मिनी डंपर ने कुचला, मौत:वाराणसी के बिशनपुरा गांव के पास हादसा, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम; चालक गिरफ्तार

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुरा गांव के पास मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे तेज रफ्तार मिनी डंपर की चपेट में आने से 16 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और जाम खुलवाया। हादसे के बाद भाग रहे डंपर चालक को पुलिस ने पीछा कर वाहन समेत हिरासत में ले लिया। मृतक छात्रा की पहचान टाडिया बरथरा गांव निवासी रोशनी के रूप में हुई है। वह कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, रोशनी मंगलवार सुबह साइकिल से स्कूल के लिए निकली थी। वह बिशनपुरा गांव के पास पहुंची थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार मिनी डंपर ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छात्रा सड़क पर गिर गई। इसके बाद डंपर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना गंभीर था कि रोशनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चीख-पुकार सुनकर पुलिस ने पीछा कर पकड़ा चालक दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसा देखकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। उधर, डंपर चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। स्थानीय लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही डंपर का पीछा किया गया। पुलिस ने कुछ दूरी पर चालक को डंपर समेत हिरासत में ले लिया। पुलिस चालक से पूछताछ कर हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। रोशनी की मौत की खबर जैसे ही टाडिया बरथरा और बिशनपुरा गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन भी मौके पर पहुंचे और छात्रा का शव देखकर बिलख पड़े। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि मार्ग पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाया जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी उठाई गई। करीब एक घंटे तक बाधित रहा आवागमन चक्काजाम के कारण सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन दोबारा शुरू हो सका। पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से हादसे से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटाया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में शामिल मिनी डंपर चालक को हिरासत में लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज गति से वाहन गुजरते हैं, जिससे पैदल चलने वाले, साइकिल सवार और दोपहिया वाहन चालक खतरे में रहते हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए भी मार्ग पर निगरानी और यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। रोशनी की अचानक मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। जिस बेटी के स्कूल जाने से परिवार को उसके लौटने का इंतजार था, उसकी मौत की खबर ने घर में मातम पसरा दिया। ग्रामीणों ने भी घटना पर दुख जताया और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *