जयपुर हिट एंड रन: पूर्व मंत्री की पत्नी की SUV का एक्सीडेंट, दूसरी कार से भिड़ंत के बाद सवारियों से भरे ई-रिक्शा में जा घुसी

जयपुर हिट एंड रन: पूर्व मंत्री की पत्नी की SUV का एक्सीडेंट, दूसरी कार से भिड़ंत के बाद सवारियों से भरे ई-रिक्शा में जा घुसी

जयपुर। चालान कटते रहे, रफ्तार नहीं थमी और आखिरकार आधी रात सड़क पर कहर टूट पड़ा। मानसरोवर मेट्रो स्टेशन चौराहे पर रविवार देर रात तेज रफ्तार दो एसयूवी की भिड़ंत के बाद बड़ा हादसा हो गया। दोनों वाहन आपस में टकराने के बाद बेकाबू होकर सड़क से गुजर रहे ई-रिक्शा से जा भिड़े। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों एसयूवी चालक मौके से फरार हो गए। घायलों को मानसरोवर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार हादसा रविवार रात करीब 1:05 बजे हुआ। पुरानी बस्ती निवासी पोखर साहू ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई बोदूराम उर्फ रामदेव साहू (45) ई-रिक्शा से कुल्फी की बुकिंग का काम खत्म कर घर लौट रहा था। तेज रफ्तार से आ रही दो एसयूवी आपस में भिड़ गईं। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से जा टकराए। ई-रिक्शा सवार बोदूराम उर्फ रामदेव साहू, जौहरी बाजार निवासी उमाशंकर शर्मा और पुरानी बस्ती निवासी मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

32,500 रुपए और मोबाइल गायब होने की शिकायत

परिवादी ने पुलिस को बताया कि हादसे के समय बोदूराम के पास काम के बदले मिले 32,500 रुपए रखे हुए थे। दुर्घटना के बाद रुपए गायब मिले। वहीं घायल उमाशंकर शर्मा का मोबाइल फोन भी हादसे में टूट गया। पुलिस अब दुर्घटना के साथ ही नकदी गायब होने के मामले की भी जांच कर रही है।

गाड़ी पूर्व मंत्री की पत्नी के नाम

हादसे में ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद एसयूवी भी अनियंत्रित होकर पलट गई। सामने आया है कि हादसे में शामिल एसयूवी कांग्रेस के पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम से रजिस्टर्ड बताई जा रही है। हालांकि, हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। इस संबंध में पूर्व मंत्री अशोक चांदना का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। उन्हें मैसेज के जरिए भी हादसे के संबंध में पक्ष रखने की जानकारी दी गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

नशे में ड्राइविंग की आशंका, सीसीटीवी से होगी पहचान

परिवादी ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के साथ चालकों पर शराब के नशे में होने का भी आरोप लगाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दोनों एसयूवी के नंबर और उनकी पहचान जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वाहन चालकों की पहचान होने के बाद हादसे की वास्तविक स्थिति और फरारी के कारणों का पता चल सकेगा।

दोनों वाहनों पर चालानों की हिस्ट्री

मानसरोवर मेट्रो स्टेशन चौराहे पर ई-रिक्शा को टक्कर मारने वाली दोनों कारों का ई-वाहन पोर्टल पर दर्ज रिकॉर्ड में तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का पुराना इतिहास सामने आया है। हादसे में शामिल कार नंबर RJ60CG5986 पर वर्तमान में ओवरस्पीडिंग और नो-पार्किंग के दो चालान पेंडिंग हैं। वहीं वाहन की हिस्ट्री में ओवरस्पीडिंग सहित ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के कुल पांच चालान दर्ज हैं।
इसी तरह कार नंबर RJ08UD0008 के रिकॉर्ड में तेज रफ्तार से वाहन चलाने के छह चालान अभी पेंडिंग हैं। वाहन की हिस्ट्री में ओवरस्पीडिंग और खतरनाक तरीके से ड्राइविंग, जिसमें रेड लाइट जंप करने जैसे उल्लंघन शामिल हैं, के कुल 20 चालान दर्ज हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *