अमृतसर सीमा पर BSF-पुलिस की कार्रवाई:1 किलो 54 ग्राम ड्रग और 1.98 लाख की जाली करंसी बरामद; एक तस्कर गिरफ्तार

अमृतसर सीमा पर BSF-पुलिस की कार्रवाई:1 किलो 54 ग्राम ड्रग और 1.98 लाख की जाली करंसी बरामद; एक तस्कर गिरफ्तार

भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे अमृतसर के इलाकों में बीएसएफ और पुलिस ने नशा तस्करी और जाली करंसी के खिलाफ कार्रवाई की है। अलग-अलग मामलों में कुल 1 किलो 54 ग्राम ड्रग और करीब 1 लाख 98 हजार रुपये की जाली भारतीय करंसी बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि दो मामलों में अज्ञात तस्करों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। काहनगढ़ में 577 ग्राम आइस ड्रग बरामद पहली कार्रवाई घरिंडा थाना क्षेत्र में की गई। बीएसएफ की 181 बटालियन के जवानों ने बीओपी काहनगढ़ इलाके में तलाशी के दौरान एक पैकेट बरामद किया। जांच करने पर पैकेट से 577 ग्राम आइस ड्रग यानी क्रिस्टल मेथ बरामद हुई। इस मामले में बीएसएफ के कंपनी कमांडर राकेश नेगी की शिकायत पर घरिंडा पुलिस ने अज्ञात तस्कर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दाओके से 1.98 लाख की जाली करंसी मिली इसी क्षेत्र में बीएसएफ ने एक अन्य कार्रवाई के दौरान बीओपी दाओके के पास से 1 लाख 98 हजार रुपये की जाली भारतीय करंसी बरामद की। इस संबंध में कंपनी कमांडर रमेश चंद्र शाह की शिकायत पर घरिंडा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जाली करंसी सीमा पार से किस नेटवर्क के जरिए पहुंचाई गई। बुर्ज में 766 ग्राम अफीम बरामद वहीं, भिंडीसैदा थाना क्षेत्र में बीएसएफ की 45 बटालियन ने गांव बुर्ज के बाहर एक संदिग्ध लावारिस पैकेट बरामद किया। तलाशी लेने पर उसमें से 766 ग्राम अफीम बरामद हुई। कंपनी कमांडर विकास शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात तस्कर के खिलाफ केस दर्ज किया है। लोपोके में 205 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार इसके अलावा लोपोके पुलिस ने लिंक रोड हेतमपुरा के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। आरोपी की पहचान लोधी गुज्जर निवासी गुरमेज सिंह के रूप में हुई। उसके कब्जे से 205 ग्राम हेरोइन और 1,200 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *