छत्तीसगढ़ में आज 6 जिलों में ऑरेंज और 15 जिलों में यलो अलर्ट है। कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। 2 सितंबर से बारिश की तीव्रता कम होने के आसार हैं। पिछले 24 घंटे में सरगुजा और रायपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। बलरामपुर के चांदो में 290 मिमी, MCB के कोटाडोल में 168 मिमी, शंकरगढ़ में 120 मिमी और रायपुर शहर में 131 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इधर, MCB के कोटाडोल में लगातार बारिश से खिरकी नाला की पुलिया टूट गई। इससे कोटाडोल को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। 1 जून से 31 अगस्त तक प्रदेश में 917.1 मिमी (36.1 इंच) बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 933.2 मिमी (36.7 इंच) होनी थी। यानी 16.1 मिमी (0.6 इंच) बारिश कम हुई है, जो सामान्य से 2% कम है। रायपुर में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल रायपुर शहर में आज 1 सितंबर को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 23°C के आसपास रहने का अनुमान है। मानसून सीजन का कोटा पूरा होने के करीब छत्तीसगढ़ में 1 जून से 31 अगस्त तक 917.1 मिमी (36.1 इंच) बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 933.2 मिमी (36.7 इंच) मानी जाती है। यानी बारिश सामान्य से सिर्फ 2% कम है। पूरे मानसून सीजन जून से सितंबर तक प्रदेश में औसतन 1132.3 मिमी (44.6 इंच) बारिश होती है। इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए सितंबर में अब 215.3 मिमी (8.5 इंच) बारिश की जरूरत है। सितंबर में देश में सामान्य से कम बारिश का अनुमान IMD के मुताबिक, सितंबर में देशभर में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। बारिश दीर्घकालिक औसत (LPA) की 91% से कम रह सकती है। सितंबर में सामान्य बारिश 167.9 मिमी है। वहीं, सितंबर में दिन का औसत तापमान सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक, अगस्त 2026 में देश का औसत तापमान 28.01°C रहा, जो 1901 के बाद सबसे ज्यादा है। अगस्त का सामान्य औसत तापमान 27.34°C है। अगस्त में रात का औसत तापमान भी 24.36°C रहा, जो 1901 के बाद सबसे ज्यादा दर्ज किया गया।

