झज्जर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए झज्जर ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी की निशानदेही पर 2 किलो 530 ग्राम चरस और 680 ग्राम अफीम बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत 4.50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस के अनुसार यह बरामदगी आरोपी से रिमांड के दौरान की गई पूछताछ के आधार पर गुरुग्राम से हुई। सीआईए झज्जर की टीम ने इससे पहले हिमाचल प्रदेश निवासी काहन सिंह को 1 किलो 35 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे एक दिन के रिमांड पर लिया था। पूछताछ में सामने आई अहम जानकारी रिमांड के दौरान उप निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में मिली जानकारी और आरोपी की निशानदेही पर टीम ने गुरुग्राम में कार्रवाई की। यहां से 2.530 किलोग्राम चरस और 680 ग्राम अफीम बरामद की गई। जांच के दौरान पुलिस के सामने आया कि आरोपी का एक साथी गुरुग्राम में किराये पर रहता था। पुलिस के अनुसार इसी साथी ने आरोपी को नशीला पदार्थ उपलब्ध करवाया था। सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस सीआईए झज्जर अब मामले में शामिल दूसरे व्यक्ति की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के दौरान नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। रिमांड खत्म होने पर आरोपी न्यायिक हिरासत में सीआईए झज्जर प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि डीसीपी क्राइम शुभम सिंह के दिशा-निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी काहन सिंह को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान हुई पूछताछ के आधार पर की गई इस बरामदगी से नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। अब पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास कर रही है।

