उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और मौजूदा राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा- ‘सपा, बसपा, आप और कांग्रेस केवल अपने लूट के एजेंडे को पूरा करने के लिए सत्ता पाना चाहते हैं। इनका जनता के हित से कोई लेना-देना नहीं है। विपक्षी सरकारें केवल दंगा कराने के लिए जानी जाती थीं। वे राजधानी लखनऊ के ऐशबाग स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान में नवनिर्मित चहारदीवारी और दो भव्य द्वारों (पंडित बेनीमाधव केदारनाथ पाद्या जी द्वार एवं कन्हैया दास प्राग दास द्वार) के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने त्रिवेणी नगर स्थित जय भोले गेस्ट हाउस में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में सांसद निधि और त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत लगभग 7 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। दिनेश शर्मा बोले- ‘छद्मवेशी लोगों से रहें सावधान’ चुनावी माहौल की ओर इशारा करते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्ष के नेताओं पर ढोंग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- ‘चुनाव नजदीक आते ही हाथ में घंटी लिए और माथे पर नकली टीका लगाए छद्मवेशी लोग घूमने लगे हैं। यह वही लोग हैं जिन्होंने राम मंदिर निर्माण में रोड़े अटकाए, भगवान राम को काल्पनिक बताया और रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। आज जब उन्होंने सनातनियों की एकजुटता और ताकत देखी, तो उनका रंग बदल गया है।’ पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि जो लोग वर्षों तक ब्राह्मण समाज का शोषण और अपमान करते रहे, वे आज सम्मान करने का नाटक कर रहे हैं। जनता को ऐसे तत्वों से सावधान रहना होगा जो समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। ‘लखनऊ की हर गली में अटल जी के विकास की गाथा’ पूर्व उपमुख्यमंत्री ने लखनऊ के विकास का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को देते हुए कहा कि आज लखनऊ के लोग सौभाग्यशाली हैं जो वे अटल जी के क्षेत्र के नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी ने विकास की जो नींव रखी थी, उसे देश के रक्षा मंत्री और स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। आज मोदी-योगी सरकार की बदौलत यूपी में विकास की गंगा बह रही है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर आधा रह गया है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे अपने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी रखें। घटती आबादी और परिवार सिमटने पर जताई चिंता राजनीतिक बयानों से इतर डॉ. दिनेश शर्मा ने देश की बदलती जनसांख्यिकी और सामाजिक व्यवस्था पर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सीमित होता परिवार भविष्य के लिए एक खतरे की घंटी है। देश में प्रजनन दर कम हो रही है, जिससे हिंदू आबादी में लगभग 8 प्रतिशत की कमी आई है। परिवार छोटे होने के कारण त्योहारों का उत्साह, उमंग और हमारी पुरानी परंपराएं समाप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि बच्चे पढ़ाई और अच्छे जीवन के नाम पर विदेशों का रुख कर रहे हैं। जिस देश ने उन्हें काबिल बनाया, उसे ही छोड़ रहे हैं। कर्म और असफलता पर जीवन दर्शन सार्वजनिक जीवन का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति के जीवन में दुख का असली कारण कर्म का अभाव है, जबकि सुख कर्म के प्रभाव से ही आता है। पद और प्रतिष्ठा आते-जाते रहते हैं, लेकिन जो व्यक्ति वर्तमान में निष्ठापूर्वक अच्छा कार्य करता है, वह जीवन में कभी असफल नहीं होता। कार्यक्रम में ये दिग्गज रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान विधायक नीरज बोरा, भाजपा अवध क्षेत्र के उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सुधाकर त्रिपाठी, श्री रामलीला समिति के अध्यक्ष हरीश चंद अग्रवाल, भाजपा नेता रजनीश गुप्ता ‘बॉबी’, अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, पार्षद दल के नेता देव शर्मा मिश्रा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

