देवास में नवरात्रि के दौरान माताजी टेकरी पर आने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर ऋतु राज सिंह ने सोमवार रात टेकरी का निरीक्षण किया। उन्होंने रात में श्रद्धालुओं की आवाजाही, रोशनी, सुरक्षा और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर नवरात्रि से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति में तुरंत संपर्क के लिए लंबी रेंज के वॉकी-टॉकी खरीदने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेकरी पर अलग-अलग स्थानों पर तैनात अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तुरंत सूचना पहुंचना जरूरी है। लंबी रेंज के वॉकी-टॉकी से आपात स्थिति में सूचना संबंधित टीम तक तेजी से पहुंचाई जा सकेगी। नवरात्रि के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। पूरे मार्ग पर स्थायी लाइटिंग के निर्देश रात के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टेकरी के विभिन्न मार्गों और परिसर में प्रकाश व्यवस्था देखी। उन्होंने पूरे मार्ग पर स्थायी लाइटिंग लगाने के निर्देश दिए, ताकि रात में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। परिक्रमा पथ से अनावश्यक पोल और बिजली के तार हटाने के साथ जैन मंदिर में भी स्थायी लाइट के पोल लगाने के निर्देश दिए गए। टेकरी पर आकर्षक लाइटिंग करने के लिए भी कहा गया। ढलान वाले रास्तों पर नॉन-स्लिप स्ट्रिप्स लगेंगी श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ढलान वाले रास्तों पर तत्काल नॉन-स्लिप स्ट्रिप्स लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने को कहा। टीन शेड, परिक्रमा पथ और रपट मार्ग सहित सभी सिविल कार्य नवरात्रि शुरू होने से एक माह पहले पूरे करने की समय-सीमा तय की गई है।

