जमीनी विवाद में घायल युवक की डेढ़ महीने बाद मौत:ललितपुर में शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

जमीनी विवाद में घायल युवक की डेढ़ महीने बाद मौत:ललितपुर में शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

ललितपुर में डेढ़ महीने पहले जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल बादाम सिंह (45) की रविवार रात मौत हो गई। सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव को सदनशाह चौराहे पर रखकर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया। उन्होंने फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के कारण चौराहे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्होंने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और शव को घर ले गए। रात करीब 8 बजे गांव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बादाम सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। मामला कोतवाली सदर थाना क्षेत्र के ग्राम खुरा का है। एक एकड़ जमीन को लेकर था विवाद परिजनों के अनुसार, बादाम सिंह का अपने बड़े भाई त्रिलोक सिंह से एक एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि 15 जुलाई की सुबह बादाम सिंह घर से बाहर जा रहे थे, तभी त्रिलोक सिंह ने अपने पुत्रों कृपाल और कमलेश तथा पुत्रियों रवीना और रेखा के साथ मिलकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में बादाम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए पहले मेडिकल कॉलेज और बाद में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। परिजनों के मुताबिक, गंभीर चोटों के चलते वह कोमा में चले गए थे और करीब डेढ़ महीने से उनका इलाज चल रहा था। रविवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। गिरफ्तारी की मांग पर शव रखकर प्रदर्शन सोमवार शाम करीब 6 बजे पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सदनशाह चौराहे पहुंचे। उन्होंने शव सड़क पर रखकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के चलते चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद वे शांत हुए और शव लेकर गांव चले गए। पुलिस के अनुसार, मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *