जमीन से निकला 10 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा:डेढ़ घंटे तक बहता रहा; टमाटर की फसल खराब हुई

जमीन से निकला 10 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा:डेढ़ घंटे तक बहता रहा; टमाटर की फसल खराब हुई

शिवपुरी जिले के कोलारस तहसील के डेहरवारा गांव में सोमवार को एक खेत में बोर के पास से अचानक करीब 10 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा निकलने लगा। पानी करीब डेढ़ घंटे तक तेज बहाव के साथ बहता रहा। इससे आसपास के खेतों में पानी भर गया और टमाटर की फसल प्रभावित हुई। डेहरवारा निवासी किसान विनोद धाकड़ के खेत में एक साल पहले पीने के पानी के लिए बोर कराया था। करीब 80 फीट की गहराई पर पानी मिलने के बाद इसमें सिंगल फेस मोटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। सोमवार को विनोद धाकड़ घर पर थे। इसी दौरान उन्हें खेत की ओर से तेज हवा निकलने जैसी आवाज सुनाई दी। वह बोर के पास पहुंचे तो पानी तेजी से बाहर निकलने लगा। देखते ही देखते करीब 10 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा बन गया। कुछ देर बाद फव्वारे की रफ्तार कम हो गई, लेकिन पानी लगातार बहता रहा। करीब डेढ़ घंटे बाद पानी का बहाव बंद हुआ। बोर से नहीं, जमीन से निकला पानी किसान के मुताबिक, पानी बंद होने के बाद उन्होंने देखा कि पानी बोर के पाइप के अंदर से नहीं, बल्कि उसके आसपास बाहरी हिस्से से निकल रहा था। इससे पानी निकलने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। पाइपलाइन की टेस्टिंग या जमीन के नीचे पानी के दबाव की संभावना घटना की सटीक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। विनोद ने बताया कि उनके बोर से कुछ फीट की दूरी पर जल निगम की पानी की पाइपलाइन बिछी है और इन दिनों उसकी टेस्टिंग भी चल रही है। विनोद के मुताबिक, संभव है कि टेस्टिंग के दौरान पाइपलाइन में छोड़ा गया पानी जमीन के अंदर किसी रास्ते से बोर के आसपास पहुंचा हो। दबाव बढ़ने के कारण पानी वहां से बाहर निकला हो। उन्होंने जमीन के नीचे मौजूद पानी के दबाव को भी इसकी दूसरी संभावित वजह बताया। जांच के बाद ही साफ होगी वजह विनोद ने बताया कि घटना की जानकारी संबंधित लोगों को दी गई, लेकिन मौके पर जांच के लिए कोई नहीं पहुंचा। ऐसे में पानी किस स्रोत से और किस रास्ते से बोर के आसपास पहुंचा, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पानी भरने से विनोद के करीब दो बीघा टमाटर के खेत सहित आसपास के खेतों की फसल प्रभावित होने की आशंका है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *