ट्रेनों में चोरी करने वाले गैंग के दो आरोपी गिफ्तार:अमेरिकी डॉलर, सोने के आभूषण सहित 15 लाख का सामान बरामद

ट्रेनों में चोरी करने वाले गैंग के दो आरोपी गिफ्तार:अमेरिकी डॉलर, सोने के आभूषण सहित 15 लाख का सामान बरामद

आगरा कैंट जीआरपी और आरपीएफ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रेनों में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। चेकिंग के दौरान पकड़े गए दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं, जो भोपाल से आगरा रूट पर चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने इनके पास से करीब 15 लाख रुपए का माल बरामद किया है। जीआरपी सीओ राजीव दीक्षित ने बताया कि आगरा कैंट पर ट्रेन में चोरी का एक मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने स्टेशन और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान अबरार और सोहेल के रूप में हुई, दोनों मध्यप्रदेश के निवासी हैं। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक लेडीज पर्स, 50 हजार रुपए नकद, दो सोने के कड़े, तीन सोने की अंगूठी, एक सोने का झूमका, एक मंगलसूत्र, वन प्लस मोबाइल फोन, दो पुलिस के आईकार्ड और अमेरिकी डॉलर बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद सामान तीन अलग-अलग मुकदमों से संबंधित है। सीओ के अनुसार, आरोपी बेहद शातिर और पेशेवर चोर हैं। भोपाल से लेकर आगरा तक इनके खिलाफ करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों ट्रेन में सो रहे या वॉशरूम गए यात्रियों के बैग से सामान चोरी कर लेते थे। भीड़ का फायदा उठाकर ये अगले स्टेशन पर उतरकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही गैंग में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। जीआरपी-आरपीएफ की इस कार्रवाई से ट्रेनों में सक्रिय चोर गैंग में हड़कंप मच गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *