काशी के सिर गोवर्धनपुर निवासी अमित कुमार सिंह ने राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट), चेन्नई में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। फैशन डिजाइन में स्नातक (निटवेयर डिजाइन) के चार वर्षीय पाठ्यक्रम (2022-2026) में अमित ने 95 प्रतिशत का समग्र प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित नई दिल्ली स्थित यशोभूमि (भारत अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र) में आयोजित दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अमित को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें 25 हजार रुपए का नकद पुरस्कार भी दिया गया। अमित ने निफ्ट चेन्नई में अध्ययन के दौरान पढ़ाई के साथ फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी मां शालिनी सिंह गृहिणी हैं। उन्होंने बताया कि अमित बचपन से ही मेहनती और लगनशील रहे हैं। बेटे की उपलब्धि पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि इससे पूरा परिवार गौरवान्वित है। अमित के बड़े भाई अमन सिंह भी निशानेबाजी में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उनके पिता महेश कुमार सिंह वरिष्ठ कांग्रेस नेता हैं। पढ़ाई पूरी करने के साथ अमित ने अपने पेशेवर करियर की भी शुरुआत कर दी है। वह वर्तमान में बेंगलुरु स्थित बनाना क्लब कंपनी में कनिष्ठ डिजाइनर के पद पर कार्यरत हैं। अमित की उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई दी। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता काशी के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

