वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी के बाद ताश के पत्तों की तरह ढह गई ईस्ट जोन, स्कोर लेवल करने में छूटे पसीने

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी के बाद ताश के पत्तों की तरह ढह गई ईस्ट जोन, स्कोर लेवल करने में छूटे पसीने

Duleep Trophy 2026 1st Semi final: दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले के दूसरे दिन ईस्ट जोन को वैभव ने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ मिलकर बढ़िया शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 153 गेंदों में 162 रनों की अच्छी साझेदारी निभाई। वैभव आक्रामक अंदाज में खेलते हुए दिखाई दिए और उन्होंने 92 रन बनाने के लिए 81 गेंदों का सामना किया। वहीं, अभिमन्‍यु ईश्‍वरन ने अपने पूरे अनुभव का इस्‍तेमाल करते हुए 106 गेंदों पर 69 रन की सूझ-बूझ भरी पारी खेली। लेकिन इन दोनों के जाने के बाद ईस्‍ट जोन की टीम 266 के स्‍कोर पर ही ऑलआउट हो गई। इससे पहले सेंट्रल जोन ने भी अपनी पहली पारी में 266 रन ही बनाए थे।

66 रन के भीतर ईस्‍ट जोन ने गंवाए 8 विकेट

वैभव भले ही अपने शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से सेंट्रल जोन के गेंदबाजों को खासा परेशान किया। वैभव ने अपनी 92 रन की पारी में 7 चौके और सात छक्के लगाए। वैभव की पारी का अंत हर्ष दुबे ने किया। हर्ष की गेंद को बाउंड्री लाइन के पार पहुंचाने के प्रयास में वैभव अरशद खान को कैच थमा बैठे। 161 के स्‍कोर पर वैभव के आउट होने के बाद कुमार कुशाग्र क्रीज पर उतरे, लेकिन वह बगैर खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद ईस्‍ट जोन का स्‍कोर 200 पर पहुंचा था कि उसे दूसरे ओपनर अभिमन्‍यु ईश्‍वरन के रूप में तीसरा झटका लगा।

एक रन की बढ़त भी नहीं बना सकी ईस्‍ट जोन

तीन विकेट के बाद भी ईस्‍ट जोन बड़ी बढ़त की ओर बढ़ती नजर आ रही थी, लेकिन यहां से महज 66 रन के भीतर नियमित अंतराल पर विकेट गिरे और ईस्‍ट जोन की टीम 266 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अगर, ईस्‍ट जोन एक रन और बना लेती तो मैच ड्रॉ होने की स्थिति में वह जीत दर्ज कर सकती थी, लेकिन ऐसा हो न सका।

रिंकू सिंह के अर्धशतक के दम पर सेंट्रल जोन ने भी बनाए थे 266 रन

इससे पहले, गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के बूते ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन की पूरी टीम को पहली पारी में 266 रनों पर समेटा था। सेंट्रल जोन की ओर से रिंकू सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 88 गेंदों में 60 रन बनाए। हालांकि, रिंकू को दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। आर्यन जुयाल ने 46 रनों का योगदान दिया। ईस्ट जोन की ओर से गेंदबाजी में मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने तीन-तीन विकेट चटकाए। वहीं, मोहम्मद शमी और मोहम्मद कौनेन कुरैशी ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *