वैभव सूर्यवंशी 36 साल पुराना सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने से चूकने पर हुए बेहद निराश, गुस्से में पटका बल्ला

वैभव सूर्यवंशी 36 साल पुराना सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने से चूकने पर हुए बेहद निराश, गुस्से में पटका बल्ला

Vaibhav Sooryavanshi misses Sachin Tendulkar record: दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन के खिलाफ ईस्‍ट जोन के लिए वैभव सूर्यवंशी ने महज 81 गेंदों 7 चौकों और 7 छक्‍कों की मदद से 92 रन की धमाकेदार रिकॉर्डतोड़ पारी खेली है। इसके साथ ही वह दलीप ट्रॉफी के इतिहास में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। लेकिन, वह भारत के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने से महज 8 रन से चूक गए। आउट होने के बाद इसकी निराशा उनके चेहरे पर साफ नजर आई। जब उन्‍होंने गुस्‍से में अपना बल्‍ला पटका।

सचिन तेंदुलकर ने 36 साल पहले बनाया था ये रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी के पास बेंगलुरु में नया इतिहास रचने का मौका था, लेकिन वह इससे चूक गए। वैभव अगर 8 रन और बनाकर अपना शतक पूरा कर लेते तो वह दलीप ट्रॉफी के इतिहास में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाते हैं। इस मामले में वह भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देते। सचिन ने दलीप ट्रॉफी 1990/91 में महज 17 साल 262 दिन की उम्र में शतक जड़ा था।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में दूसरे सबसे कम उम्र के शतकवीर बनने का मौका भी गंवाया

वैभव सूर्यवंशी अगर सेंट्रल जोन के खिलाफ अपना शतक पूरा कर लेते तो वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में तीन अंकों तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के भारतीय बल्‍लेबाज भी बन जाते। फिलहाल, ये रिकॉर्ड पंजाब के ध्रुव पांडोव के नाम दर्ज है। ध्रुव ने रणजी ट्रॉफी 1988-89 के सीजन में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ सबसे कम उम्र में शतक बनाने वाले बल्‍लेबाज बने थे, उन्‍होंने महज 14 साल और 293 दिन की उम्र में ये कारनामा किया था।

एक नजर मैच पर

मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी सेंट्रल जोन की टीम ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए 266 रन बनाए। सेंट्रल की ओर से रिंकू सिंह ने 60 तो आर्यन जुयाल ने 46 रन की पारी खेली। ईस्‍ट जोन की ओर से मुकेश कुमार और अभिजित सरकार ने तीन-तीन विकेट लिए तो मोहम्‍मद शमी और मोहम्‍मद कौनैन कुरैशी ने दो-दो विकेट लिए। इसके जवाब में दूसरे दिन चायकाल तक ईस्‍ट जोन ने अपनी पहली पारी में 8 विकेट के नुकसान पर 260 रन बना लिए हैं। ईस्‍ट की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने 92 रन और अभिमन्‍यु ईश्‍वरन ने 69 रन बनाए हैं। वहीं, सेंट्रल की ओर से आर्यन पांडेय और हर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट तो यश ठाकुर ने दो विकेट लिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *