अब फोनपे से भी बिना इंटरनेट UPI पेमेंट कर सकेंगे:फीचर फोन चलाने वाले 20 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को फायदा; अभी ये फीचर सिर्फ भीम UPI में

अब फोनपे से भी बिना इंटरनेट UPI पेमेंट कर सकेंगे:फीचर फोन चलाने वाले 20 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को फायदा; अभी ये फीचर सिर्फ भीम UPI में

फिनटेक कंपनी फोनपे ने आज से फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए एक नई पेमेंट सर्विस शुरू की है। कंपनी ने ‘फोनपे UPI 123पे’ फीचर लॉन्च किया है, जिससे बिना इंटरनेट कनेक्शन के UPI ट्रांजैक्शन किया जा सकेगा। साथ ही 12 भाषाओं में AI वाइस असिस्टेंस से मदद भी मिलेगी। इसके साथ ही फोनपे देश का पहला ऐसा बड़ा थर्ड-पार्टी एप्लिकेशन प्रोवाइडर बन गया है, जिसने फीचर फोन यूजर्स के लिए यह डिजिटल पेमेंट सर्विस शुरू की है। इसका फायदा देश में फीचर फोन इस्तेमाल कर रहे 20 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को मिलेगा। बता दें कि ये फीचर अभी सिर्फ सरकारी एप भीम UPI में मिलता है। सवाल-जवाब में समझते हैं कि यह पूरी सर्विस कैसे काम करती है और आम यूजर्स को इससे क्या फायदे होंगे… सवाल 1: नई सर्विस का उद्देश्य क्या है और कितने लोगों को फायदा मिलेगा? जवाब: इस सर्विस का मकसद देश के उन गांवों और कस्बों तक डिजिटल पेमेंट पहुंचाना है, जहां इंटरनेट या स्मार्टफोन की कमी है। फोनपे के इस फीचर से देश के 20 करोड़ से ज्यादा कीपैड फोन यूजर्स सीधे डिजिटल लेनदेन से जुड़ सकेंगे। सवाल 2: बिना इंटरनेट यह सर्विस कैसे काम करती है? जवाब: फोनपे UPI 123पे कंपनी की अपनी खास तकनीक पर बना है, जो SMS के जरिए काम करता है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह बेहद सुरक्षित है और सुदूर ग्रामीण इलाकों में जहां सिर्फ 2G नेटवर्क आता है, वहां भी बिना इंटरनेट के पैसे ट्रांसफर कर देता है। सवाल 3: यह सर्विस कैसे मिलेगी, क्या कोई एप डाउनलोड करना होगा? जवाब: नहीं, इसके लिए कोई ऐप डाउनलोड नहीं करना होगा। फोनपे ने नोकिया, लावा, एचएमडी और आईटेल जैसी बड़ी मोबाइल कंपनियों से हाथ मिलाया है। अब इन कंपनियों के नए कीपैड फोन में यह सुविधा पहले से ही इन-बिल्ट मिलेगी। आने वाले समय में कंपनी अन्य मोबाइल कंपनियों के फोन में भी यह सुविधा देने वाली है। सवाल 4: फीचर फोन यूजर्स नई सर्विस से कौन-कौन से काम कर सकेंगे? जवाब: इस प्लेटफॉर्म की मदद से यूजर्स कई तरह के वित्तीय लेनदेन कर सकते हैं: सवाल 5: क्या कीपैड फोन से QR कोड स्कैन किया जा सकेगा? जवाब: हां, बिल्कुल। जिन फीचर फोन्स में कैमरा सपोर्ट दिया गया है, उनके यूजर्स इस सर्विस के जरिए दुकानों पर लगे किसी भी UPI QR कोड को स्कैन करके आसानी से पीयर-टू-मर्चेंट (P2M) पेमेंट कर सकते हैं। सवाल 6: पहली बार डिजिटल पेमेंट इस्तेमाल करने वालों की मदद के लिए क्या इंतजाम हैं? जवाब: पहली बार डिजिटल पेमेंट करने वालों के लिए फोनपे ने एक AI वॉइस हेल्पलाइन शुरू की है। यह आम कस्टमर केयर की तरह उबाऊ नहीं है, बल्कि एक रोबोटिक मददगार है, जो अंग्रेजी के साथ-साथ 12 भारतीय भाषाओं में आपसे बात करता है। यह अकाउंट चालू करने के तरीके बताने से लेकर आपके सभी जरूरी सवालों के सीधे जवाब देगा। सवाल 7: भविष्य में कौन-कौन से नए फीचर्स जोड़े जाएंगे? जवाब: आने वाले समय में इस सर्विस में कई नए फीचर्स जुड़ेंगे। इसके बाद आप अपने कीपैड फोन से ही मोबाइल रीचार्ज, बिजली-पानी का बिल भरना और आधार कार्ड के जरिए सीधे UPI रजिस्ट्रेशन करने जैसे काम भी बिना इंटरनेट के कर सकेंगे। ये सभी फीचर आने वाले दिनों में कीपैड फोन पर लाइव हो जाएंगे। सवाल 8: बिना स्मार्टफोन या इंटरनेट के इस सर्विस पर रजिस्ट्रेशन कैसे करें? जवाब: फीचर फोन पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बेहद आसान है: स्टेप 1: फीचर फोन में फोनपे एप ओपन करें। स्टेप 2: नियम और शर्तों को ध्यान से पढ़ें और उन्हें ‘Accept’ करें, जिससे ऑटोमेटेड डिवाइस रजिस्ट्रेशन पूरा हो जाए। स्टेप 3: दी गई लिस्ट में से अपने अकाउंट का बैंक सिलेक्ट करें। स्टेप 4: ATM कार्ड के आखिरी 6 अंक और उसकी एक्सपायरी डेट दर्ज करें। स्टेप 5: UPI पिन सेट करें। आपकी UPI ID एक्टिव हो जाएगी और आप तुरंत लेनदेन शुरू कर सकेंगे। सवाल 8: रजिस्ट्रेशन के बाद इस ऐप से पेमेंट करने का पूरा तरीका क्या है? जवाब: भुगतान करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करना होगा: स्टेप 1: फोन में PhonePe एप्लिकेशन खोलें और पेमेंट का विकल्प चुनें (जैसे- स्कैन एंड पे, कॉन्टैक्ट बुक या यूपीआई आईडी)। स्टेप 2: यदि मोबाइल नंबर या यूपीआई आईडी से भेजना है, तो उसे दर्ज करें। कैमरा वाले फोन में ‘स्कैन एंड पे’ का विकल्प चुनकर सीधे क्यूआर कोड स्कैन करें। स्टेप 3: सामने दिख रही डिटेल्स को वेरिफाई करें, जितने पैसे भेजने हैं वह अमाउंट डालें और अपना यूपीआई पिन दर्ज करें। स्टेप 4: ‘OK’ बटन दबाकर कन्फर्म करें। अगली स्क्रीन पर आपको पेमेंट सक्सेसफुल होने का मैसेज दिख जाएगा। नॉलेज पार्ट: जानें क्या है UPI 123Pay? यह नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा विकसित की गई एक विशेष तकनीक है। इसे मुख्य रूप से उन लोगों को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो महंगे स्मार्टफोन या इंटरनेट डेटा पैक का खर्च नहीं उठा सकते। यह बिना इंटरनेट के साधारण वॉयस कॉल, मिस्ड कॉल या इंटरएक्टिव एसएमएस आर्किटेक्चर के जरिए सुरक्षित रूप से आपके बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर करने की सुविधा देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *