मेरी बेटी दे जाओ साहब… मैं गरीब आदमी हूं’:शादी से इनकार पर हिंडन में कूदी 19 साल की युवती, 20 KM तक चला सर्च ऑपरेशन

मेरी बेटी दे जाओ साहब… मैं गरीब आदमी हूं’:शादी से इनकार पर हिंडन में कूदी 19 साल की युवती, 20 KM तक चला सर्च ऑपरेशन

” परसों से मेरी कोई नहीं सुन रहा साहब… मेरी बेटी अभी तक नहीं मिली। मैं गरीब आदमी हूं, मेरी बेटी दे जाओ… तेरे बेटे को ले जाओ। मैं किसके ऊपर फैसला करूं साहब, आप ही बताओ… मेरी बेटी का पता लगा दो।” ग्रेटर नोएडा में शनिवार रात से एक पिता अपनी 19 साल की बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहा है। आरोप है कि शादी से इनकार और लगातार मानसिक दबाव के बाद युवती ने कुलेसरा गांव के पास हिंडन नदी के पुल से छलांग लगा दी। करीब आधे घंटे बाद युवक भी नदी में कूद गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन युवती का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
शादी की बात पर हुआ विवाद, गुस्से में नदी में कूदी युवती
घटना ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के कुलेसरा गांव स्थित हिंडन नदी पुल की है। शनिवार रात करीब 9 बजे राहुल और संजना के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान राहुल ने शादी करने से इनकार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, राहुल के इनकार से नाराज संजना ने हिंडन नदी में छलांग लगा दी। उसके करीब आधा घंटे बाद राहुल भी नदी में कूद गया। मौके पर मौजूद लोगों ने राहुल को बाहर निकाल लिया, लेकिन संजना तेज बहाव में बह गई। 20 किलोमीटर नदी खंगाली, फिर भी नहीं मिला सुराग
संजना की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है। एसडीआरएफ ने नदी के करीब 20 किलोमीटर हिस्से में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अभी तक युवती का कोई पता नहीं चल सका है।
सोमवार को भी नदी में तलाश जारी है। इससे पहले दो बार गोताखोरों की मदद ली जा चुकी है। टीम नदी के किनारे और संभावित स्थानों पर भी लगातार तलाश कर रही है।
पिता बोला- चार साल से बेटी को शादी का झांसा दे रहा था
संजना के पिता ने राहुल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि राहुल पिछले करीब चार साल से उनकी बेटी को शादी का झांसा दे रहा था। पिता के मुताबिक, राहुल ने कई जगह से बेटी के रिश्ते तुड़वा दिए। वह शादी के लिए चार लाख रुपये नकद और फर्नीचर की मांग करता था। बेटी से यह भी कहता था कि अगर वह उससे शादी नहीं करेगी तो वह किसी और से शादी नहीं करेगा। ‘पापा, मैं ड्यूटी देकर आया हूं, मुझे पैसे दे दो’
पिता ने बताया कि शनिवार को राहुल उनकी बेटी को अपने साथ ले गया था। बेटी ने उनसे पैसे भी मांगे थे। पिता का कहना है कि उन्होंने बेटी को पैसे दिए थे, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है।
उन्होंने कहा कि उन्हें यह भी नहीं पता था कि राहुल और उनकी बेटी पहली बार कब मिले थे। उनका कहना है कि गांव में भांजी की शादी के दौरान दोनों के बीच संपर्क हुआ होगा और पिछले दो-तीन साल से दोनों संपर्क में थे।
बेटी की तलाश में टूट चुका है पिता
बेटी के लापता होने के बाद पिता लगातार पुलिस और प्रशासन से उसकी तलाश कराने की गुहार लगा रहे हैं। उनका कहना है कि वह गरीब आदमी हैं और उनकी बेटी ही उनके लिए सबसे बड़ी चिंता है। पिता की आंखों में बेटी को खोने का डर साफ दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि उन्हें किसी से फैसला नहीं चाहिए, उन्हें सिर्फ अपनी बेटी चाहिए। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम हिंडन नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। नदी के करीब 20 किलोमीटर हिस्से की तलाशी के बाद भी युवती का पता नहीं चल पाया है। टीम की कोशिश है कि जल्द से जल्द संजना का सुराग लगाया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *