शाहजहांपुर में पुलिस ने तीन टूटते घर बसाए:मारपीट, भूत-प्रेत का आरोप; परामर्श केंद्र में सुलह के बाद पति-पत्नी साथ लौटे

शाहजहांपुर में पुलिस ने तीन टूटते घर बसाए:मारपीट, भूत-प्रेत का आरोप; परामर्श केंद्र में सुलह के बाद पति-पत्नी साथ लौटे

शाहजहांपुर पुलिस ने सोमवार दोपहर 2 बजे तीन परिवारों को टूटने से बचाया है। परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई, जिसके बाद सुलह होने पर महिलाओं को उनके पतियों के साथ ससुराल के लिए विदा किया गया। इन मामलों में किसी पति पर मारपीट का आरोप था, तो किसी पर बेरोजगार होने और पत्नी को खर्च न देने का। कुछ मामलों में ससुराल वालों पर बहू पर भूत-प्रेत का साया होने का आरोप लगाने की बात भी सामने आई। थाना सदर बाजार से संबंधित एक दंपति की शादी लगभग तीन वर्ष पहले हुई थी। पत्नी पिछले 12 दिनों से अपने मायके में रह रही थी। उसने आरोप लगाया कि पति उसके साथ मारपीट करता है। वहीं, पति का कहना था कि पत्नी उसे गाली देती है, जिससे उसे गुस्सा आ जाता है। परामर्श केंद्र में बातचीत के बाद पति अपनी पत्नी की सभी बातें मानने को तैयार हो गया। इसी तरह, थाना सदर बाजार के एक अन्य दंपति की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। पीड़िता दो महीने से मायके में रह रही थी। उसने बताया कि पति बेरोजगार है और उसे खाने-खर्च के लिए पैसे नहीं देता। साथ ही, ससुराल वाले उस पर भूत-प्रेत का इल्जाम लगाते हैं। पीड़िता ने कहा कि जब तक वह काम करती है, तब तक सब ठीक रहता है,लेकिन उसके बाद ससुराल वाले झगड़ा करने लगते हैं।उसने ससुराल वालों के सही व्यवहार करने पर पति के साथ जाने की इच्छा जताई।पति ने आश्वासन दिया कि वह अपने परिवार वालों को समझाएगा और पत्नी को साथ ले जाना चाहता है। थाना कोतवाली क्षेत्र के एक दंपति की शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व हुई थी।पत्नी ने आरोप लगाया कि उसका पति अपनी मां के कहने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है।परामर्श केंद्र में हुई बातचीत के दौरान पति अपनी पत्नी की सभी बातें मानने को तैयार हो गया। सभी मामलों में दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र बुलाया गया, जहां उनकी आपसी बातचीत कराई गई और उन्हें समझाया गया।आपसी सहमति से समझौता होने के बाद तीनों दंपतियों को सकुशल उनके घरों के लिए विदा कर दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *