प्रतापगढ़ में हुई कांग्रेस की मासिक बैठक में भाजपा सरकार पर निशाना साधा गया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली स्थल से जुड़े कथित ‘शुद्धिकरण’ मामले को लेकर सरकार की आलोचना की गई। प्रतापगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक सोमवार दोपहर करीब दो बजे कांग्रेस कार्यालय अंबेडकर चौराहा में आयोजित हुई। जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय जवाहरलाल गुप्ता की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर बैठक की शुरुआत की। बैठक में जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली स्थल से जुड़े कथित ‘शुद्धिकरण’ मामले पर सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा इस मामले में आवाज उठाने के बाद उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराना सरकार की तानाशाही को दर्शाता है। त्रिपाठी ने चेतावनी दी कि इसका जवाब उचित समय पर दिया जाएगा। जिला महासचिव एवं पट्टी की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुनीता सिंह पटेल ने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग और कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रदेश में परिवर्तन आएगा। पटेल ने यह भी कहा कि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष मजबूती से जारी रहेगा। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

