स्याही फेंकी गई…गो बैक के लगे नारे, आखिर क्यों कर्नाटक में एक्टर प्रकाश राज को लोगों ने घेरा?

स्याही फेंकी गई…गो बैक के लगे नारे, आखिर क्यों कर्नाटक में एक्टर प्रकाश राज को लोगों ने घेरा?

Prakash Raj Controversy: कर्नाटक के धारवाड़ में अभिनेता प्रकाश राज के कार्यक्रम से पहले जमकर हंगामा हुआ। हिंदू संगठनों और कुछ BJP कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रकाश राज का घेराव करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस को मौके पर मोर्चा संभालना पड़ा। मामला इतना बढ़ गया कि प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। कई लोगों को हिरासत में लिया गया।

प्रकाश राज के कार्यक्रम से पहले क्यों हुआ विरोध?

दरअसल, प्रकाश राज धारवाड़ में ‘मनुष्यत्वदगे समुदाय जत्था’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। कार्यक्रम का उद्देश्य मानवता और सामाजिक सद्भाव से जुड़ी चर्चा था। लेकिन कार्यक्रम से पहले ही कुछ हिंदू संगठनों और BJP कार्यकर्ताओं (AVBP) ने विरोध शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रकाश राज कार्यक्रम में हिंदू विरोधी बयान दे सकते हैं। इसी आशंका को लेकर युवाओं का एक ग्रुप कार्यक्रम स्थल के बाहर पहुंच गया। उन्होंने प्रकाश राज का घेराव करने की कोशिश की। कुछ प्रदर्शनकारी कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल के अंदर जाने की कोशिश करने लगे।

पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद वहां तनाव बढ़ गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक झड़प हुई। बाद में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया।

बैनर पर स्याही और फ्लेक्स फाड़ने से बढ़ा विवाद

हंगामे के दौरान विवाद और बढ़ गया। जब दो युवकों ने कथित तौर पर प्रकाश राज के बैनर पर स्याही लगा दी। यह बैनर ABVP के छात्रों ने कर्नाटक विद्यावर्धक संघ के सामने लगाया था। इसके बाद कुछ युवाओं ने फ्लेक्स भी फाड़ दिया। इस घटना पर कार्यक्रम के आयोजकों ने नाराजगी जताई। आयोजकों ने सड़क पर बैठकर विरोध किया। उन्होंने RSS के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान ‘RSS गो बैक’ के नारे भी सुनाई दिए। पूरे घटनाक्रम के चलते इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया।

SIR को लेकर प्रकाश राज ने उठाए सवाल

इस विवाद के बीच प्रकाश राज एक और मुद्दे को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने कर्नाटक में वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ यानी SIR को लेकर सवाल उठाए हैं। प्रकाश राज ने बताया कि सिविल सोसाइटी संगठन 1 सितंबर को बेंगलुरु में ‘इलेक्शन कमीशन चलो’ अभियान करेंगे। इस अभियान में वोटर लिस्ट की समीक्षा को लेकर चिंता जताई जाएगी।

उन्होंने उन मतदाताओं के नाम हटाए जाने पर सवाल उठाया है, जिन्हें अनुपस्थित या स्थायी रूप से स्थानांतरित बताया गया है। उनका कहना है कि ऐसे मतदाताओं को दोबारा नाम जुड़वाने के लिए उचित मौका मिलना चाहिए।

वहीं, फिल्मी दुनिया की बात करें तो एक्टर प्रकाश राज जल्द ही ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में नजर आएंगे। फिल्म में अजय देवगन मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *