Samay Raina Controversy: स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई कॉमेडी वीडियो नहीं, बल्कि LinkedIn से जुड़ा एक वायरल दावा है। सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि समय रैना ने LinkedIn में ‘कम्युनिकेशन और एथिक्स हेड’ के तौर पर जॉइन किया है। हालांकि, इस दावे की अब तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल स्क्रीनशॉट में द डेली लेजर नाम के एक कथित अमेरिकी अखबार की 18 अगस्त की रिपोर्ट दिखाई गई है। इसमें दावा किया गया कि समय रैना LinkedIn में कम्युनिकेशन और एथिक्स हेड के पद पर शामिल हुए हैं।
क्या सच में LinkedIn से जुड़े हैं समय रैना?
समय रैना के LinkedIn जॉइन करने को लेकर अभी तक कोई विश्वसनीय जानकारी सामने नहीं आई है। LinkedIn या खुद समय रैना की ओर से भी ऐसी किसी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

यानी फिलहाल वायरल स्क्रीनशॉट में किए गए दावे को सच मानने की कोई ठोस वजह नहीं है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, समय रैना के LinkedIn में ‘कम्युनिकेशन और एथिक्स हेड’ बनने का दावा झूठा है।
LinkedIn क्रिएटर ने बताया स्क्रीनशॉट को फेक
ग्रेटर हैदराबाद एरिया के LinkedIn क्रिएटर हर्षित आदित्य वर्मा ने भी इस वायरल दावे पर पोस्ट शेयर किया। उन्होंने स्क्रीनशॉट में दिखाई गई हेडलाइन को फेक बताया।
उनके LinkedIn प्रोफाइल के मुताबिक, वर्मा LinkedINspire में हेड ऑफ ग्रोथ के तौर पर काम करते हैं। उन्होंने इस पूरे मामले को समय रैना की कॉमेडियन वाली छवि और LinkedIn के प्रोफेशनल माहौल के बीच के अंतर से भी जोड़ा। हालांकि, समय रैना ने अभी तक इस वायरल दावे पर सार्वजनिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के मजाक के बाद वायरल हुआ दावा
ये पूरा मामला ऐसे समय सामने आया है, जब समय रैना अपने शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 के एक सेगमेंट को लेकर चर्चा में हैं। शो के दौरान शेरोन वर्मा ने समय रैना के कश्मीरी पंडित होने को लेकर मजाक किया था। इसके जवाब में समय रैना ने शेरोन के बिहार से जुड़ाव को लेकर मजाक किया।
इसके बाद इस बातचीत के कुछ हिस्सों को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना हुई। कई यूजर्स ने मजाक के संदर्भ और इस्तेमाल किए गए रेफरेंस पर आपत्ति जताई। इसी विवाद के बीच LinkedIn से जुड़ा यह स्क्रीनशॉट सामने आया, जिसे लेकर अब सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।

