प्रयागराज-कौशाम्बी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट:कई लोगों के हताहत होने की आशंका, आसपास के घर भी चपेट में

प्रयागराज-कौशाम्बी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट:कई लोगों के हताहत होने की आशंका, आसपास के घर भी चपेट में

प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका है। हालांकि, अभी मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना प्रयागराज-कौशाम्बी बॉर्डर पर स्थित मोहम्मदपुर गांव की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पटाखा फैक्ट्री में अचानक तेज धमाका हुआ। इसके बाद आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ गए। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई देने की बात सामने आ रही है। धमाके के बाद मची अफरा-तफरी
विस्फोट के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों को तलाशने और उन्हें बाहर निकालने में जुटे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एसीपी रवि गुप्ता और पूरामुफ्ती थाने की फोर्स मौके के लिए रवाना हो गई है। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रही है। आसपास के इलाके को भी खाली कराया जा रहा है, ताकि किसी दूसरे हादसे की आशंका न रहे। फैक्ट्री में कैसे हुआ विस्फोट, जांच शुरू फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट किस वजह से हुआ। पुलिस और अन्य संबंधित टीमें मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में पटाखा निर्माण और भंडारण के लिए जरूरी अनुमति और सुरक्षा इंतजाम थे या नहीं। हादसे के बाद प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेज किया जा रहा है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। मौके की स्थिति और हताहतों की संख्या को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *