Encounter in Kushinagar: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ की इस घटना में 50 हजार के इनामी आशू कुमार यादव के पैर में गोली लगी है, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बताया कि तरयासुजान थाना क्षेत्र के झाड़वा रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। वहीं, पुलिस द्वारा की गई जवाबी पर कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
दारोगा की पिस्टल से किया फायर
पुलिस ने बताया है कि बिहार के गोपालगंज जिले का रहने वाला आशू कुमार यादव तरयासुजान थाने में दर्ज एक मामले में वांछित चल रहा था। आरोपी पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने बताया है कि आरोपी को 30 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था और गिरफ्तारी के बाद आंसू ने पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की थी। पुलिस के मुताबिक, आशु को हवालात से निकालकर उप-निरीक्षक रविकांत सिंह और कांस्टेबल रूपेश यादव अपनी निगरानी में लेकर अस्पताल जा रहे थे। पुलिस ने दावा किया है कि रास्ते में आरोपी ने पेट में तेज दर्द होने का बहाना बनाया और वाहन को रुकवा दिया। वाहन से उतरते ही आरोपी ने उप-निरीक्षक के कमर में रखी हुई सरकारी पिस्टल निकाल ली।
पुलिस ने बताया है कि आंसू ने पिस्टल को कॉक कर पुलिस कर्मियों पर तान दी और वहां से फरार हो गया, जिसके बाद संबंधित पुलिसकर्मियों ने घटना की सूचना स्थानीय थाने और तमकुहीराज थाने को दी और स्वाट टीम को भी इस बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने इस दौरान संयुक्त रूप से झाड़वा रेलवे अंडर पास के पास घेराबंदी की। इसके बाद आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए कहा गया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। वहीं, पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद आरोपी आंसू के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिसकर्मियों को ट्रक से कुचलने का किया था प्रयास
पुलिस ने बताया है कि आरोपी को तुरंत ही गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उप-निरीक्षक से छीनी गई सरकारी पिस्टल, मैगजीन 8 जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, मुठभेड़ के बाद मौके पर पहुंचे एसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया है कि 19 अगस्त को एक ट्रक चालक ने बहादुरपुर चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों को कुचलना का प्रयास किया था। इस मामले में तीन अभियुक्त की गिरफ्तारी हो चुकी है। पकड़ा गया आरोपी मामले में वांछित चल रहा चौथा अभियुक्त है, जिसे गिरफ्तार किया गया है।

