मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी जयंती के अवसर पर विंध्याचल धाम विद्युत सजावट से जगमगा उठा। मंदिर परिसर के आंगन में श्री मां विंध्यवासिनी आराधना केंद्र द्वारा आयोजित भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए। देर रात तक मंदिर परिसर मां के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मां विंध्यवासिनी के विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुई। इस अवसर पर श्री विंध्य पंडा समाज के पूर्व अध्यक्ष राजन पाठक ने विशेष पूजन-अर्चन कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मां विंध्यवासिनी से क्षेत्र, श्रद्धालुओं और समस्त समाज की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
पूजन के उपरांत, विभिन्न जिलों से आए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक मनोहारी भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में मां विंध्यवासिनी की महिमा, भक्ति और शक्ति का गुणगान किया गया। मधुर भजनों और धार्मिक गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालु कलाकारों की प्रस्तुतियों पर भाव-विभोर होकर मां की भक्ति में लीन रहे। कई भक्त भक्ति गीतों के साथ झूमते और मां के जयकारे लगाते देखे गए। मंदिर परिसर में देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही। आयोजकों ने बताया कि मां विंध्यवासिनी की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष इसी प्रकार श्रद्धा और भक्ति के साथ धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन किया जाता है।

