बस्ती में रविवार शाम करीब 7:30 बजे टुल्लू पंप का तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से निजी स्कूल के शिक्षक शहाबुद्दीन (25) की मौत हो गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मामला पैकोलिया थाना क्षेत्र के चोरखरी गांव का है। चोरखरी गांव निवासी बरकत अली के पुत्र शहाबुद्दीन गांव के ही एक निजी स्कूल में शिक्षक थे। रविवार शाम वह अपने घर पर टुल्लू पंप का तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 3 भाई मुंबई में करते हैं काम शहाबुद्दीन छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे। उनके तीन बड़े भाई मुंबई में रहकर काम करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही तीनों गांव के लिए रवाना हो गए। घर पर माता-पिता और एक छोटा भाई रहता है। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि शहाबुद्दीन परिवार के लिए सहारा थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है। शहाबुद्दीन की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचने लगे। परिजनों के अनुसार, सोमवार को शहाबुद्दीन का जनाजा निकाला जाएगा और कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

