पोकरण @ पत्रिका. गत दिनों जयपुर में नगर निकाय प्रमुखों की लॉटरी में पोकरण नगरपालिका का अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित करने के निर्णय के साथ ही आगामी चुनाव के लिए वार्डों में महिला प्रत्याशी बनने के लिए दावेदारों की संख्या बढ़ गई है। नगर निकायों में चुनाव की प्रक्रिया के तहत गत दिनों निकाय प्रमुखों के आरक्षण के लिए लॉटरी निकाली गई थी। पोकरण नगरपालिका का अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने से महिला दावेदारों की संख्या में वृद्धि हुई है। गत निकाय चुनाव 2021 में हुए थे, तब पालिकाध्यक्ष का पद सामान्य था। यह पद 30 वर्ष बाद वापस महिला के लिए आरक्षित हुआ है।
इससे पहले 1995 में यह पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित था, तब उर्मिला पुरोहित अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। 2010 में ओबीसी पद पर सीधे जनता से हुए अध्यक्ष के चुनाव में छोटेश्वरीदेवी माली अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। पोकरण नगरपालिका की स्थापना 1936 में चैनसिंह राठौड़ के प्रयासों से हुई थी। सर्वप्रथम 1936 में किशनलाल दवे सर्वसम्मति से अध्यक्ष मनोनीत हुए थे। 1940 में अधिवक्ता रतनलाल गुचिया अध्यक्ष मनोनीत किए गए। लोकतंत्र की स्थापना के बाद 1954 में औंकारदास रंगा पोकरण के प्रथम निर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष बने। अब तक कुल 22 अध्यक्ष पद पर रहे हैं। वर्ष 2021 के चुनाव में मनीष पुरोहित 22वें अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। इस बार 23वीं अध्यक्ष महिला होगी। कस्बे के 25 वार्डों में महिला दावेदारों की अच्छी उपस्थिति नजर आ रही है। बड़े नेता भी अपने परिवार की महिलाओं को आगे कर रहे हैं।
निकाय चुनाव: नाम निर्देशन पत्र भरने का अंतिम दिन आज
जैसलमेर नगर निकाय आम चुनाव-2026 में सदस्य पदों के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का सोमवार को अंतिम दिन है। अभ्यर्थी अपराह्न 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए लोक सूचना 27 अगस्त को जारी की गई थी। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा मंगलवार को होगी। अभ्यर्थी 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। अभ्यर्थिता वापसी के बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।

