आगामी निकाय चुनावों को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हनुमानगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में रविवार को अधिकृत प्रत्याशियों के नामांकन फॉर्म तैयार करने और आवश्यक दस्तावेजों की जांच का कार्य पूरा कर लिया गया। पार्टी की योजना है कि सोमवार को सभी अधिकृत प्रत्याशियों के नामांकन फॉर्म निर्धारित समय पर जमा करवाए जाएं। यह पूरी प्रक्रिया भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू के मार्गदर्शन में दिनभर चली। अधिवक्ताओं ने संभाली दस्तावेजों की जिम्मेदारी पार्टी की ओर से अधिकृत अधिवक्ता मदन पारीक, ब्रज मोहन बिश्नोई, प्रद्युम्न परमार और जोधा सिंह ने नामांकन प्रक्रिया में सेवाएं दीं। उन्होंने प्रत्याशियों के फॉर्म तैयार करवाने के साथ आवश्यक दस्तावेजों की जांच में सहयोग किया, ताकि नामांकन जमा करवाते समय किसी तरह की तकनीकी या दस्तावेज संबंधी कमी न रहे। प्रदेश कार्यालय से आएंगे टिकट और सिंबल भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने बताया कि पार्टी के सभी उम्मीदवारों के टिकट और चुनाव सिंबल प्रदेश स्तर से जारी किए जा रहे हैं। जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय से संबंधित प्रत्याशियों के टिकट और सिंबल प्राप्त होते ही उन्हें संबंधित निकायों के चुनाव अधिकारियों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सर्वे और सहमति के आधार पर हुआ चयन डेलू ने कहा कि जयपुर में पिछले तीन दिनों से चली मैराथन बैठकों में सर्वे और आपसी सहमति के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास के आधार पर सभी निकायों में भाजपा का पूर्ण बहुमत से बोर्ड बनेगा। पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद इस अवसर पर जिला सह प्रभारी जितेंद्र शर्मा और पूर्व जिलाध्यक्ष बलबीर बिश्नोई विशेष रूप से मौजूद रहे। पार्टी विधानसभा प्रत्याशी अमित साहू, निकाय संयोजक ओम सोनी, मुरलीधर सोनी, आशीष पारीक, मंडल अध्यक्ष बलराज मान, लूणाराम पूनिया, विजय राठी, जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल, संदीप साईं, गुरविंदर मान, साहिल बलाड़िया, सुभाष पूनिया और निलेश भारद्वाज सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने नामांकन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग किया।

