जालोर में 48 किलो डोडा चूरा के साथ तस्कर गिरफ्तार:स्विफ्ट कार जब्त, ANTF ने पीछा कर पकड़ा

जालोर में 48 किलो डोडा चूरा के साथ तस्कर गिरफ्तार:स्विफ्ट कार जब्त, ANTF ने पीछा कर पकड़ा

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने जालोर में बड़ी कार्रवाई की है। एएनटीएफ की टीम ने जिले के करड़ा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर 48.160 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। मौके से एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार को जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। टीम को सटीक सूचना मिली थी कि कोटड़ा से गुन्दाउ जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक सफेद रंग की संदिग्ध स्विफ्ट कार से मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना पर एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कच्चे रास्ते पर नाकाबंदी की। इस दौरान सामने से आ रही संदिग्ध कार के चालक ने पुलिस को देखकर गांव की ढाणियों और खेतों की तरफ कार भगा ली। टीम ने तुरंत पीछा किया, जिसके बाद आरोपी कार को खेत में ही छोड़कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। कार की गहन तलाशी लेने पर उसमें से 48.160 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीला पदार्थ और बिना नंबर की स्विफ्ट कार को कब्जे में लेकर आरोपी विक्रम कुमार (20) पुत्र डूंगरा राम जाट, निवासी मीरपुरा (थाना करड़ा, जालोर) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ और मामले की आगे की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *