इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) कानपुर शाखा के वर्ष 2026-2027 के वार्षिक चुनाव की डुगडुगी बज गई है। परेड स्थित आईएमए भवन ‘टेंपल ऑफ सर्विस’ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नई चुनाव समिति और आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने चुनाव की तारीखों और कड़े नियमों की घोषणा की। इस बार चुनाव 27 सितंबर 2026 को आयोजित होंगे। मतदान के लिए EVM (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) का इस्तेमाल होगा, जिससे वोटिंग खत्म होने के महज एक घंटे के अंदर ही नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा। प्रचार के लिए सोशल मीडिया, होर्डिंग और पोस्टर पर पूरी तरह रोक चुनाव समिति की चेयरपर्सन डॉ. अर्चना भदौरिया और सचिव डॉ. जे. एस. कुशवाहा ने बताया कि इस बार चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष और पारिवारिक माहौल में कराने के लिए कड़े नियम बनाए गए हैं। किसी भी प्रत्याशी या उनके समर्थकों को सोशल मीडिया पर प्रचार करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा शहर में कहीं भी बैनर, पोस्टर या होर्डिंग लगाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। नियम तोड़ने पर प्रत्याशी की उम्मीदवारी तक रद्द की जा सकती है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। जानिए चुनाव का पूरा शेड्यूल इस बार आईएमए कानपुर के 2,412 सदस्य डॉक्टर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वोट डालने के लिए आईएमए का वैध पहचान पत्र अनिवार्य होगा। चुनाव समिति के सदस्यों डॉ. ए. के. श्रीवास्तव, डॉ. राजेश अग्रवाल और डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि कुल 58 पदों के लिए वोटिंग होगी। इसमें 1 अध्यक्ष, 4 उपाध्यक्ष, 1 सचिव, 1 वित्त सचिव, 1 संपत्ति सचिव, 1 वैज्ञानिक सचिव, 1 पुस्तकालय सचिव, 1 सांस्कृतिक सचिव, 1 क्रीड़ा सचिव और 48 कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं।

