दूध लेने पहुंची युवती को लेकर दो पक्ष भिड़े, VIDEO:अलीगढ़ में लाठी-डंडे चले, महिलाएं और बच्चे भी मारपीट में शामिल

दूध लेने पहुंची युवती को लेकर दो पक्ष भिड़े, VIDEO:अलीगढ़ में लाठी-डंडे चले, महिलाएं और बच्चे भी मारपीट में शामिल

अलीगढ़ के थाना महुआ खेड़ा क्षेत्र के देवीनगला में दूध डेरी पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। विवाद की शुरुआत एक युवती के दूध लेने के लिए डेरी पर पहुंचने से हुई। आरोप है कि गलतफहमी के चलते डेरी संचालक ने युवती पर विरोधी पक्ष की जासूसी करने का शक जताया और उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद युवती के परिजन शिकायत करने पहुंचे तो दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। दूध लेने पहुंची युवती पर जासूसी का शक जानकारी के अनुसार, डोली नाम की युवती देवीनगला स्थित लवकुश की दूध डेरी पर दूध लेने पहुंची थी। बताया गया कि डेरी संचालक लवकुश और उसके परिवार का क्षेत्र के एक अन्य परिवार से पहले से विवाद चल रहा है। लवकुश ने डोली को अपने घर के दरवाजे के पास खड़ा देखा। आरोप है कि उसे शक हुआ कि युवती विरोधी पक्ष के लिए जासूसी कर रही है। इसी बात को लेकर उसने डोली के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। परिजनों के पहुंचने पर बढ़ा विवाद डोली ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। शनिवार, 29 अगस्त को परिजन शिकायत करने के लिए लवकुश के घर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। वायरल वीडियो में पुरुष, महिलाएं और बच्चे भी हाथों और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा घटना के बाद डोली ने स्थानीय थाने पहुंचकर लवकुश के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर रविवार, 30 अगस्त को लवकुश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी द्वितीय धनंजय सिंह ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को देवी नगला में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस वायरल वीडियो और प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *