पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के सिसैईया गांव में शनिवार रात एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शराब के नशे में धुत कुछ लोगों ने 38 वर्षीय संजय कुमार उर्फ छोटेलाल को घर में बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, सिसैईया निवासी संजय कुमार उर्फ छोटेलाल (38) पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र प्रताप पर शनिवार रात करीब 8 बजे गांव के ही कन्हई लाल और उसके परिजनों ने हमला किया। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में थे। एक विवाद के बाद उन्होंने संजय को घर के अंदर खींच लिया और कमरा बंद कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की।
संजय की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो चुका था। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए पीलीभीत जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। संजय की मौत से उसके परिवार में मातम छा गया है। मृतक की पत्नी उमा देवी का कहना है कि संजय ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कन्हई लाल और उसके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

