शाहजहांपुर में पुलिस चौकियों और थानों में रील बनाने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। सदर बाजार थाना क्षेत्र की हद्दफ चौकी के अंदर दो युवकों ने रील बनाई। वीडियो में दोनों युवक चौकी के अंदर कागज पर हस्ताक्षर करते और इसके बाद पुलिसकर्मियों के बैठने वाली जगह पर खड़े होकर रील बनवाते नजर आ रहे हैं। करीब 14 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे एक इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने रील बनाने वाले युवकों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। चौकी के अंदर पहुंचे, कागज पर किए हस्ताक्षर वायरल वीडियो में दो युवक चौकी के बाहर से अंदर आते दिखाई दे रहे हैं। दोनों के हाथ में एक कागज है। चौकी के अंदर पहुंचने के बाद एक युवक कागज पर हस्ताक्षर करता है। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई है। इसके बाद दोनों युवक चौकी के अंदर उस स्थान पर खड़े होकर रील बनवाते हैं, जहां आमतौर पर पुलिसकर्मी बैठते या आराम करते हैं। वीडियो में चौकी का मुख्य गेट और अंदर का हिस्सा भी साफ दिखाई दे रहा है। पुलिसकर्मियों को नहीं लगी भनक हैरानी की बात यह है कि चौकी के अंदर रील बनाए जाने के दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। युवकों ने चौकी के अंदर काफी देर तक वीडियो बनाया और इसके बाद उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जिस इंस्टाग्राम आईडी से वीडियो पोस्ट किया गया है, उस पर 27 फॉलोअर्स और 4 फॉलोइंग हैं। इस अकाउंट पर अब तक 34 पोस्ट की जा चुकी हैं। सदर थाने में भी बन चुकी है रील पुलिस थाने और चौकी में रील बनाए जाने का यह पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले सदर थाने में भी दो अलग-अलग मौकों पर रील बनाए जाने के वीडियो सामने आए थे। अब हद्दफ चौकी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के सामने एक बार फिर थानों और चौकियों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। युवकों की पहचान में जुटी पुलिस वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक किस काम से चौकी के अंदर पहुंचे थे और उन्हें वहां वीडियो बनाने की अनुमति किसने दी थी।

