गोरखपुर से हैदराबाद और हैदराबाद से गोरखपुर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलवे ने पहले से चलाई जा रही 07075/07076 हैदराबाद-गोरखपुर-हैदराबाद विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। अब इस ट्रेन के चार अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। इन तारीखों को हैदराबाद से चलेगी ट्रेन ट्रेन संख्या 07075 हैदराबाद-गोरखपुर विशेष ट्रेन 4, 11, 18 और 25 सितंबर 2026 को हैदराबाद से चलेगी। ट्रेन हैदराबाद से रात 9 बजे रवाना होगी और सिकंदराबाद, काजीपेट, पेद्दपल्ली, मंचिर्याल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर, बैतूल, इटारसी, भोपाल, बीना और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गोरखपुर पहुंचेगी। ट्रेन हैदराबाद से चलने के तीसरे दिन सुबह 6:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इससे तेलंगाना, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के कई शहरों से गोरखपुर आने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। गोरखपुर से वापसी का भी शेड्यूल जारी वापसी में ट्रेन संख्या 07076 गोरखपुर-हैदराबाद विशेष ट्रेन 6, 13, 20 और 27 सितंबर 2026 को गोरखपुर से चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन गोंडा, बाराबंकी, गोमती नगर, लखनऊ सिटी, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, पोखरायां, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, भोपाल और इटारसी होते हुए हैदराबाद की ओर जाएगी। ट्रेन अगले दिन नागपुर, चंद्रपुर, बल्हारशाह, मंचिर्याल, पेद्दपल्ली और काजीपेट होते हुए सिकंदराबाद पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन शाम 5:25 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। कई प्रमुख शहरों के यात्रियों को फायदा इस विशेष ट्रेन के संचालन से गोरखपुर और हैदराबाद के बीच सफर करने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा। ट्रेन के रास्ते में नागपुर, भोपाल, झांसी, कानपुर, लखनऊ और गोंडा जैसे प्रमुख शहर भी पड़ते हैं। ऐसे में इन शहरों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त फेरों का लाभ मिल सकेगा। पहले से निर्धारित ठहराव और समय पर ही चलेगी ट्रेन रेलवे के मुताबिक, अतिरिक्त फेरे पहले से निर्धारित ठहराव, समय और रेक संरचना के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे। यात्रियों की मांग और सुविधा को देखते हुए संचालन अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया है। सितंबर में चार अतिरिक्त फेरों के चलते इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और त्योहारों से पहले आने-जाने की सुविधा भी बेहतर होगी।

