फतेहपुर में परीक्षा में नकल के आरोप के बाद छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। मृतक छात्र की मां नीलम देवी ने 28 अगस्त को सदर कोतवाली नगर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। मां के मुताबिक, 26 अगस्त को छात्र सुबह करीब 7:15 बजे परीक्षा देने विद्यालय गया था। दोपहर करीब एक बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी से फोन पर संपर्क किया। फोन पर प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्र परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया था। उसे परीक्षा से निष्कासित कर 1500 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसके करीब एक घंटे बाद दोपहर 2 बजे परिजनों को छात्र के मेडिकल कॉलेज में भर्ती होने की सूचना मिली। परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में छात्र ने बताई मारपीट की बात परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में छात्र ने उन्हें बताया कि प्रधानाचार्य के निर्देश पर प्रबंधक राकेश त्रिवेदी ने डंडों से उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। मृतक की मां के मुताबिक, वह परिवार का इकलौता बेटा था। उन्होंने बताया कि छात्र के सीने की हड्डी में चोट और लिवर में खून का थक्का जमा हुआ था। BNS की धारा 105 में दर्ज हुआ मुकदमा पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 29 अगस्त को आरोपी प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी (28) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी खम्बापुर, थाना राधानगर का निवासी है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस बोली- जांच जारी एसपी कार्यालय की ओर से शनिवार शाम 5:52 बजे जारी जानकारी के मुताबिक, मामले में प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

