सागर की बीना पुलिस ने चोरी की शिकायत पर जांच करते हुए ब्लैकमेलिंग के मामले का खुलासा किया है। मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से वारदात में नाबालिग से हड़पे गए आभूषण, नकद, कार, बुलेट समेत 54.37 लाख का सामान जब्त किया है। आरोपी नाबालिग को ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठ रहा था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि फरियादी परिवार वर्तमान में अपने नए मकान में निवास कर रहा है। जबकि परिवार के पुराने पैतृक मकान में नकद राशि, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखा हुआ था। 17 जून को पुराने मकान में रखे सामान की जांच करने पर नकद राशि और कीमती सामान गायब होना पाया गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की। आसपास के लोगों से पूछताछ, संदिग्धों की तस्दीक, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण एवं अन्य सभी संभावित पहलुओं पर लगातार कार्य किया गया। जिसमें घर में चोरी से जुड़े साक्ष्य नहीं मिले। मामा को दिए थे सोने के आभूषण, 250 ग्राम सोना जब्त
लगातार की गई जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए कि आरोपी द्वारा फरियादी परिवार की नाबालिग बेटी को ब्लैकमेल और जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया जाता था। इसी दबाव के माध्यम से उससे चोरी की वारदात कराई गई। पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर आरोपी आयुष मैना निवासी बीना को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने फरियादी परिवार से लगभग 13 लाख रुपए नकद व करीब 40 तोला सोने के आभूषण लिए जाने की जानकारी सामने आई। आरोपी ने प्राप्त नकद राशि को विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी व अन्य खर्चों में उपयोग किया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम से खरीदी गई कार, मोटरसाइकिल, अन्य घरेलू सामान बरामद किया। आरोपी ने सोने के आभूषण अपने मामा अंकुश बाल्मीकि निवासी गुना को दिए जाने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने आरोपी अंकुश बाल्मीकि को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के कीमती आभूषण बरामद किए गए। आरोपियों से जब्त किया गया सामान
पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी आयुष मैना से कीमती आई फोन, दो बड़े चाकू, दो कार, बुलेट, एसी, एलईडी टीवी, साउंड, कुर्सी, बेड, लोहे का गेट, मामा से सोने के आभूषण और अन्य सामान अनुमानित कीमत 54.37 लाख रुपए सामान जब्त किया गया है। मजदूर से लग्जरी लाइफ स्टाइल जीने लगा था आरोपी
आरोपी आयुष मजदूरी करता था। हम्माली का काम कर जीवन यापन करता था। लेकिन अचानक से वह लग्जरी लाइफ स्टाइल जीने लगा। कार में घूमता और आईफोन लेकर चलता था। घर में एसी लगा रखी थी। शौक के लिए चाकू भी घर में रखे था। लग्जरी लाइफ स्टाइल से पुलिस को संदेह हुआ और पूछताछ की तो वारदात का खुलासा हुआ। दो आरोपियों को जेल भेजा
बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि प्रकरण में आरोपी आयुष मैना निवासी बीना और अंकुश बाल्मीकि निवासी गुना को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके सहयोगी आरोपी सतीश अहिरवार निवासी बीना और मोनू पाल निवासी गुना को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

