हरदोई के कोतवाली देहात क्षेत्र के तकिया गांव में शनिवार शाम करीब 3 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के कमरे में फन फैलाए कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई और सभी लोग तुरंत कमरे से बाहर निकल आए। परिजनों ने बिना जोखिम उठाए तत्काल सर्प मित्र बबलू को सूचना दी। सूचना मिलते ही सर्प मित्र बबलू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार और आसपास मौजूद लोगों को कमरे से दूर रहने की सलाह दी। इसके बाद टीम ने सावधानीपूर्वक कोबरा को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की। काफी सतर्कता के बाद कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। सांप के पकड़े जाने के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। टीम कोबरा को सुरक्षित स्थान पर ले गई और बाद में जंगल में छोड़ दिया। बरसात में घरों तक पहुंच जाते हैं सांप सर्प मित्र बबलू ने बताया कि बरसात के मौसम में सांपों के बिल और रहने के स्थानों में पानी भर जाता है। ऐसे में वे पानी से बचने के लिए सुरक्षित जगह की तलाश में रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। कई बार सांप घरों के कमरों, सामान के पीछे या अन्य सुरक्षित स्थानों में छिप जाते हैं। इसलिए बारिश के मौसम में लोगों को घर के आसपास विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सांप दिखे तो मारने या पकड़ने की कोशिश न करें बबलू ने ग्रामीणों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराकर उसे मारने का प्रयास न करें। सांप को छेड़ने या पकड़ने की कोशिश करने पर वह खुद को खतरे में समझकर हमला कर सकता है। उन्होंने कहा कि सांप दिखने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत प्रशिक्षित सर्प मित्र या विशेषज्ञ को सूचना दें। विशेषज्ञ के पहुंचने तक सांप के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें।

