ग्रामीणों की होशियारी से टली भैंस चोरी, तीन नामजद फरार:एटा में खेत पर बंधी भैंस खोलकर ले जा रहे थे, केस दर्ज

ग्रामीणों की होशियारी से टली भैंस चोरी, तीन नामजद फरार:एटा में खेत पर बंधी भैंस खोलकर ले जा रहे थे, केस दर्ज

एटा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जैनपुरा में ग्रामीणों की सतर्कता के कारण भैंस चोरी की एक वारदात टल गई। खेत पर बंधी भैंस को चुराकर ले जा रहे गांव के ही तीन युवकों को ग्रामीणों ने देख लिया, जिसके बाद आरोपी भैंस को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित किसान की तहरीर पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम जैनपुरा निवासी किसान अजय शर्मा पुत्र छोटेलाल ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी भैंस खेत पर बांध रखी थी। शनिवार को सुबह करीब आठ बजे वह खेत से घर लौट आए थे। आरोप है कि लगभग नौ बजे गांव के ही अनिल पुत्र गीतम सिंह, अर्जुन पुत्र सुरेश और राजू पुत्र रघुवीर खेत पर पहुंचे और बंधी हुई भैंस को खोलकर ले जाने लगे। इसी दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों की नजर इन आरोपियों पर पड़ गई। ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाते हुए उनका पीछा करने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख तीनों आरोपी भैंस को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित किसान अजय शर्मा ने कोतवाली प्रभारी अखिलेश दीक्षित को नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। कोतवाली प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। लिखित शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सतर्कता दिखाने के कारण पशु चोरी की यह घटना टल गई। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *