संभल में जमीन विवाद पर दो पक्षों में मारपीट-पथराव, VIDEO:डेढ़ घंटे चले बवाल में एक महिला घायल, पुलिस ने खदेड़ा

संभल में जमीन विवाद पर दो पक्षों में मारपीट-पथराव, VIDEO:डेढ़ घंटे चले बवाल में एक महिला घायल, पुलिस ने खदेड़ा

संभल जिले में जमीन खरीदने को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुन्नौर तहसील के रजपुरा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में एक पक्ष के छह लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की और छतों से पथराव किया। इस घटना में एक महिला घायल हो गई। यह घटना 28 अगस्त की शाम करीब 6 बजे हुई। गांव निवासी धर्मवीर पुत्र सरदार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सत्यपाल, ऋषिपाल पुत्र कलेक्टर, राकेश पुत्र पुलंदर, राजू पुत्र महेश और जयवीर पुत्र नाकसी ने उन्हें गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर ये सभी लोग उनके घर में घुस गए और लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस बवाल से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के छह लोगों ने धर्मवीर के घर की महिलाओं पर भी छतों से पथराव किया। मारपीट के दौरान अपने पति को बचाने आईं धर्मवीर की पत्नी अतिप्यारी घायल हो गईं। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। घायल महिला को मेडिकल जांच के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित धर्मवीर ने बताया कि यह विवाद उनके द्वारा खरीदी गई एक जमीन को लेकर है। उनका आरोप है कि दूसरा पक्ष इस जमीन को ग्राम समाज की बताकर लगातार झगड़ा कर रहा है। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ है। उन्होंने कहा कि घटना से संबंधित जो वीडियो सामने आए हैं, उनकी भी जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *