अमरोहा में मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के कैसरा गांव में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विधवा महिला अपने हक की मांग को लेकर गांव में स्थित पानी की ऊंची टंकी पर जा चढ़ी। महिला का आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद से ही ससुराल वाले उसे संपत्ति में हिस्सा नहीं दे रहे हैं और उसका ट्रैक्टर भी छीन लिया है। टंकी पर चढ़कर महिला लगातार अपना ट्रैक्टर वापस दिलाने और न्याय की गुहार लगाती रही। कैसरा निवासी सरोज के पति नवनीत भारती की लगभग 11 माह पूर्व दीपावली के दिन एक सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई थी। सरोज पर अपने पांच वर्षीय मासूम बेटे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी है। महिला का आरोप है कि पति के निधन के बाद से ही ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे हैं और उसका हक देने से इनकार कर रहे हैं। इसी से परेशान होकर शनिवार दोपहर करीब 12:10 बजे वह गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गई। पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप, मौके पर लगी भीड़ घटना की सूचना मिलते ही गांव में ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे एसआई योगेंद्र सिंह और मौजूदा ग्राम प्रधान रुद्रप्रताप सिंह ने फोन के जरिए महिला से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन महिला हर बार अपना ट्रैक्टर वापस दिलाने की जिद पर अड़ी रही। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर फायर ब्रिगेड को भी बुला लिया गया है। गांव की महिलाएं और महिला पुलिसकर्मी सरोज को सुरक्षित नीचे उतारने के हरसंभव प्रयास में जुटे हुए हैं। पुलिस महिला को नीचे उतारने के प्रयास में जुटी मामले की जानकारी देते हुए मंडी धनौरा थाना प्रभारी सतेंद्र सरोहा ने बताया कि यह पारिवारिक विवाद और संपत्ति में हिस्सा न मिलने से जुड़ा मामला है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिवार के लोगों को पाबंद किया जा चुका है। पुलिस की टीम महिला को समझा-बुझाकर नीचे उतारने के प्रयास में जुटी है। खबर लिखे जाने तक महिला टंकी पर ही डटी हुई थी।

