सिंगरौली के दुधमनिया गांव में प्रेमिका से मिलने गए एक युवक से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवक शुक्रवार रात अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। रात 12 बजे प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक युवक की पहचान अरविंद साकेत(22) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह शुक्रवार रात करीब 12 बजे दुधमनिया गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। इसकी जानकारी युवती के परिजनों और आसपास के ग्रामीणों को मिली तो लोग मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद 6-7 लोगों ने अरविंद के साथ मारपीट की और फिर उसे छोड़ दिया गया। घटना के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। हालांकि, दैनिक भास्कर वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। ‘अब तक किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई’ सरई थाना प्रभारी प्रहलाद मर्सकोले ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच करेगी। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

