कन्नौज के फतेहपुर जसोदा स्थित मदन मोहन इंटर कॉलेज में योग शिविर का आयोजन किया गया। इसमें योग वेलनेस सेंटर के प्रशिक्षकों ने 250 छात्र-छात्राओं को योग का अभ्यास कराया और इसे नियमित रूप से करने की अपील की। यह योग शिविर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। फतेहपुर जसोदा स्थित योग वेलनेस सेंटर के प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान केंद्रित करने का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने छात्रों को नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अपनी दिनचर्या में योग एवं प्राणायाम को शामिल करने तथा शारीरिक व मानसिक रूप से सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया। डॉ. विजय कुमार यादव ने इस अवसर पर कहा कि योग भारतीय संस्कृति की एक अमूल्य विरासत है और स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का एक प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मन शांत होता है और एकाग्रता बढ़ती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करें।

