Major Dhyan Chand की जयंती पर Yogi Adityanath ने दी श्रद्धांजलि, खेल दिवस की दी बधाई

Major Dhyan Chand की जयंती पर Yogi Adityanath ने दी श्रद्धांजलि, खेल दिवस की दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेताओं ने शनिवार को विश्व प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी और मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और लोगों तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं दीं। योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “हॉकी के जादूगर, ‘पद्म भूषण’ मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि तथा ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ की सभी खिलाड़ियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं।”
मुख्यमंत्री ने लोगों का आह्वान किया कि वे खेल को जीवन का संस्कार, अनुशासन को अपनी पहचान और तिरंगे की आन-बान-शान को अपना सर्वोच्च लक्ष्य बनाएं। उन्होंने कहा कि यही मेजर ध्यानचंद के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और ‘विकसित भारत’ की सशक्त, स्वस्थ एवं आत्मविश्वासी युवा शक्ति का आधार बनेगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर कहा, “हॉकी के जादूगर पद्म भूषण मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उनकी प्रतिभा ने विश्व पटल पर भारत का मान बढ़ाया और खेल प्रतिभाओं को नई प्रेरणा दी।”
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “‘पद्म भूषण’ से सम्मानित, हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन!”
उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन हमें खेल भावना, निरंतर परिश्रम और उत्कृष्टता के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *