रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने जा रही महिला का लाखों रुपये के जेवरात और मोबाइल से भरा पर्स रास्ते में खो गया, लेकिन आगरा पुलिस ने उसकी खुशी फीकी नहीं होने दी। पिनाहट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों में पर्स बरामद कर महिला को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने मायके फतेहाबाद क्षेत्र के फरेरा गांव में भाई को राखी बांधने जा रही थी। रास्ते में वह पिनाहट क्षेत्र के भदरौली कस्बे में एक चाऊमीन की दुकान पर रुकी। जल्दबाजी में वह अपना पर्स वहीं भूल गई और आगे निकल गई। फरेरा पहुंचने पर जब महिला को पर्स की याद आई तो उसके होश उड़ गए। पर्स में सोने की चेन, मंगलसूत्र, कानों के झाले, नाक की बाली, चांदी की कमरबंद और मोबाइल फोन रखा था। सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। महिला ने तत्काल भदरौली चौकी और पिनाहट पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। चौकी प्रभारी ने महिला से उसके आने-जाने का पूरा रूट जाना और भदरौली बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कराई। साथ ही सर्विलांस टीम को भी लगाया गया। जांच के दौरान पता चला कि महिला का पर्स चाऊमीन की दुकान पर ही छूट गया था। दुकानदार ने ईमानदारी दिखाते हुए पर्स को सुरक्षित रख लिया था। सुरक्षित लौटे जेवर, भावुक हुई महिला
पुलिस टीम दुकान पर पहुंची और पर्स को अपने कब्जे में लेकर सत्यापन के बाद महिला को थाने बुलाया। जांच पूरी होने पर पर्स सहित उसमें रखा पूरा सामान महिला को सौंप दिया गया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर महिला भावुक हो गई। उसने आगरा पुलिस और पिनाहट थाना पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता की वजह से उसकी रक्षाबंधन की खुशियां लौट आईं।

