जबलपुर के आधारताल क्षेत्र में एक चिकन सेंटर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा और मांस की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे हैं। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों द्वारा बनाए गए वीडियो में एक ट्रक से मुर्गों को उतारते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि ट्रक से मृत मुर्गे लाकर चिकन सेंटर पर बिक्री के लिए पहुंचाए जा रहे थे। वायरल वीडियो गोल्डन ब्रायलर चिकन सेंटर का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही सामग्री और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मुर्गे किस स्थिति में थे और उन्हें किस उद्देश्य से लाया गया था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले में हिंदू धर्म सेना के मुकेश रजक ने भी विरोध जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े मामले में प्रशासन को गंभीरता से जांच करनी चाहिए। इधर नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए हेल्थ ऑफिसर को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में यदि नियमों का उल्लंघन या लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ सामने आता है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। देखिए तस्वीरें…

