अग्निवीर की टांके में डूबने से मौत:नहाते समय पैर फिसलने से हादसा; एक सप्ताह पहले छुट्टी पर आया था

अग्निवीर की टांके में डूबने से मौत:नहाते समय पैर फिसलने से हादसा; एक सप्ताह पहले छुट्टी पर आया था

छुट्टी पर घर आए अग्निवीर की खेत में बने टांके में डूबने से मौत हो गई। वह सुबह खेत में बने टांके पर स्नान करने गया था। पानी खींचने के दौरान अचानक पैर फिसल गया और टांके में डूब गया। हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र के परेऊ गांव में हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टांके से बाहर निकालकर गिड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने फोन किया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ
पुलिस के अनुसार परेऊ निवासी अग्निवीर जोगाराम पुत्र खेताराम शुक्रवार सुबह खेत में बने टांके पर स्नान करने गया था। पानी खींचने के दौरान अचानक पैर फिसल गया और वह टांके में गिर गया। परिवार के लोगों को लगा कि वह सुबह वॉकिंग के लिए गया है। करीब 9 बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने मोबाइल पर फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिजन तलाश करते हुए खेत पहुंचे। वहां टांके के पास जोगाराम के कपड़े पड़े मिले। टांके में देखने पर उसका शव पानी में तैरता मिला। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गिड़ा थानाधिकारी अचलाराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाया। 2023 में बना था अग्निवीर
जोगाराम का वर्ष 2023 में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में सिलेक्शन हुआ था। वह करीब एक सप्ताह पहले ही छुट्टी पर गांव आया था। हादसे की सूचना मिलने पर बाड़मेर के जालीपा से सेना के सूबेदार और जवान भी परेऊ पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और परिवार को सांत्वना दी। सिक्किम और महाराष्ट्र से भाई रवाना
जोगाराम के बड़े भाई सवाईराम भारतीय सेना की आर्टिलरी में सिक्किम में तैनात हैं। भाई की मौत की सूचना मिलते ही वे सिक्किम से गांव के लिए रवाना हो गए। वहीं दूसरा भाई महाराष्ट्र से घर के लिए रवाना हुआ है। दोनों भाइयों के पहुंचने के बाद शनिवार सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा। रक्षाबंधन के पर्व के बीच अग्निवीर जोगाराम की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिवार में माता-पिता और तीन भाई हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *