जलालाबाद-श्री मुक्तसर साहिब नेशनल हाईवे पर दो कारों की जोरदार टक्कर से सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, एक होंडा अमेज कार पेट्रोल पंप की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही क्रेटा कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि होंडा अमेज कई पलटियां खाते हुए दूसरी कार समेत पेट्रोल पंप की तरफ जाकर रुकी। बताया गया कि एक कार में तीन लोग सवार थे, जबकि दूसरी में केवल चालक मौजूद था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हादसे के बाद दोनों कार चालकों ने एक-दूसरे पर लापरवाही के आरोप लगाए। क्रेटा चालक का कहना है कि आगे चल रही अमेज के चालक ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक पेट्रोल पंप की ओर कार मोड़ दी, जिससे टक्कर हुई। वहीं, अमेज चालक प्रितपाल सिंह ने आरोप लगाया कि उसने पेट्रोल पंप की ओर मुड़ते समय इंडिकेटर दिया हुआ था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई क्रेटा ने उसकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में घायल दो लोगों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस कर्मचारी मनप्रीत कपूर ने बताया कि 112 पर हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

